मोतिहारी में भीषण गर्मी में गहराया बिजली संकट, 6 दिनों से है बिजली गुल, लोगों का फूटा गुस्सा
ट्रांसफार्मर जलने से खुदानगर में ठप है बिजली आपूर्ति, सैकड़ों लोगों ने सड़क पर उतरकर किया हंगामा, घंटों बाधित रहा आवागमन

Motihari, Bihar: पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. शहर के खुदानगर मोहल्ले में पिछले छह दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित रहने से नाराज सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष और युवाओं ने मुजफ्फरपुर-रक्सौल राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-28) को जाम कर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया.

प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बांस-बल्ला लगाकर आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया और विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की. सड़क जाम के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप में यात्रियों को घंटों परेशानियों का सामना करना पड़ा.
प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि खुदानगर मोहल्ले का ट्रांसफार्मर छह दिन पहले जल गया था, जिसके बाद से पूरे इलाके में बिजली आपूर्ति ठप है. स्थानीय लोगों ने बताया कि समस्या की जानकारी विभाग के कनीय अभियंता से लेकर एसडीओ तक को दी गई और आवेदन भी सौंपा गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई.
लोगों का कहना था कि सरकार की व्यवस्था के अनुसार जले हुए ट्रांसफार्मर को 24 घंटे के भीतर बदला जाना चाहिए, लेकिन छह दिन बीत जाने के बावजूद विभाग ने ट्रांसफार्मर नहीं बदला, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है.
सड़क जाम की सूचना मिलते ही छतौनी थाना और यातायात थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. छतौनी थानाध्यक्ष मृत्युंजय पासवान ने पुलिस बल के साथ प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया. काफी मशक्कत और बातचीत के बाद लोगों को शांत कराया गया तथा जाम समाप्त कराया गया.
थानाध्यक्ष ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि मामले की जानकारी बिजली विभाग के वरीय अधिकारियों को दी जाएगी और जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कराने का प्रयास किया जाएगा. इसके बाद आवागमन सामान्य हो सका.
(मोतिहारी से प्रतीक सिंह की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

जहरीली शराब कांड के बाद एक्शन में मोतिहारी पुलिस, यूपी से बड़े शराब माफिया को दबोचा

संपत्ति विवाद में बाप ने बेटे पर किया चाकू से हमला, लव मैरेज से परिवार में होता रहता है कलह







