Bihar (East Champaran): पूर्वी चंपारण जिले के आदापुर थाना क्षेत्र में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को अहम सफलता मिली है. गुप्त सूचना के आधार पर चैनपुर गांव निवासी राधी साह (पिता-स्व. बृजमोहन साह) को उसके घर से गिरफ्तार किया गया.
सूचना मिली थी कि आरोपी एटीएम के माध्यम से साइबर फ्रॉड की रकम की निकासी करता है और उसका बैंक खाता ठगी के पैसों के लेन-देन में इस्तेमाल हो रहा है. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर आदापुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने सत्यापन के बाद चैनपुर स्थित आरोपी के घर पर छापेमारी कर उसे दबोच लिया.
पूछताछ में बड़ा खुलासा
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में राघो साह ने स्वीकार किया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अपने Axis Bank खाते के जरिए गलत तरीके से रुपये का लेन-देन करता था. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के बैंक खाते के खिलाफ National Cyber Crime Reporting Portal (NCRP) पर कर्नाटक, केरल और दिल्ली समेत कई राज्यों से शिकायतें दर्ज हैं.
प्राथमिक जांच के अनुसार, साइबर अपराधी गिरोह ऑनलाइन ठगी कर पीड़ितों से रकम ट्रांसफर कराता था और बाद में एटीएम से नकद निकासी कर लेता था, ताकि ट्रांजैक्शन का ट्रैक कम से कम छोड़ा जा सके.
बरामदगी और आगे की कार्रवाई
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के घर से एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक, खाता संबंधी दस्तावेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य बरामद किए हैं. आरोपी की निशानदेही पर उसके सहयोगियों के संभावित ठिकानों पर भी छापेमारी की गई है.
इस मामले में आदापुर थाना में संबंधित धाराओं के तहत कांड दर्ज कर लिया गया है और पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
आदापुर थानाध्यक्ष पप्पू पासवान का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से अंतरराज्यीय साइबर फ्रॉड नेटवर्क के बड़े खुलासे की उम्मीद है और अन्य राज्यों की पुलिस से भी समन्वय स्थापित किया जा रहा है.
रिपोर्ट: प्रतीक सिंह








