'हताश न हों, धैर्य रखें!', नौकरी गंवाने वाले कर्मचारियों को मंत्री सुदिव्य कुमार का बड़ा आश्वासन, कहा- सुनी जाएगी बात
मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने प्रभावित कर्मचारियों का हौसला बढ़ाया और कहा कि 'सत्य की हमेशा जीत होती है', इसलिए किसी को भी हताश होने की जरूरत नहीं है और धैर्य बनाए रखना चाहिए।

Ranchi: CGL परीक्षा रद्द होने की वजह से नौकरी गंवाने वाले सचिवालय कर्मचारियों के लिए झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का एक बड़ा बयान सामने आया है। बुधवार को मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने प्रभावित कर्मचारियों का हौसला बढ़ाया और कहा कि 'सत्य की हमेशा जीत होती है', इसलिए किसी को भी हताश होने की जरूरत नहीं है और धैर्य बनाए रखना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि हर नागरिक को संवैधानिक और लोकतांत्रिक दायरे में रहकर अपना विरोध दर्ज कराने का पूरा अधिकार है। मंत्री ने माना कि अचानक नौकरी चले जाने से पीड़ा होना बिल्कुल स्वाभाविक है, लेकिन जनता का विश्वास कायम रखने के लिए सरकार को कभी-कभी ऐसे कठोर फैसले लेने पड़ते हैं। यह फैसला किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि परिस्थितियों को देखते हुए लिया गया था।
विपक्ष बना रहा मोहरा, छात्रों की तरह कर्मचारियों की भी सुनी जाएगी बात
मंत्री सुदिव्य कुमार ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार ने छात्रों की सभी जायज मांगे मान ली हैं, लेकिन विपक्षी दल कुछ लोगों को मोहरा बनाकर राजनीति करने में जुटे हुए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अब सभी छात्र अपनी पढ़ाई पर ध्यान देंगे। इसके साथ ही उन्होंने नौकरी गंवाने वाले कर्मचारियों को एक बड़ी उम्मीद दी है। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि जिस तरह सरकार ने छात्रों की बातें सुनी और समाधान निकाला, ठीक उसी तरह इन कर्मचारियों की बात भी ध्यान से सुनी जाएगी और संविधान के दायरे में रहते हुए उनके हित में उचित निर्णय लिया जाएगा।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






