बिहार में रोक के बावजूद खेतों में धड़ल्ले से जल रही पराली, किसान प्रशासनिक आदेश कर रहे दरकिनार
कृषि विभाग की ओर से पराली न जलाने को लेकर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं. जिसके बाद भी भोजपुर जिले में देखा जा रहा है कि किसान लगातार खेतों में आग लगा ही रहे हैं. यहां तक कि योजनाओं से वंचित किए जाने का डर भी इसे रोक नहीं पा रहा.

Bhojpur, Bihar: बिहार सरकार और कृषि विभाग की ओर से लगातार जागरूकता अभियान चलाकर किसानों से खेतों में फसल अवशेष यानी पराली नहीं जलाने की अपील की जा रही है. इसके बावजूद भोजपुर जिले के कई इलाकों में किसान खुलेआम खेतों में पराली जला रहे हैं. प्रशासनिक रोक और कार्रवाई की चेतावनी के बाद भी इस पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है.
पराली करती है खेत की उर्वरा शक्ति को नष्ट
भोजपुर जिले के पीरो में किसान लगातार खेतों में आग लगाकर पराली जला रहे हैं जिससे न केवल मिट्टी की उर्वरा शक्ति प्रभावित हो रही है, बल्कि पर्यावरण को भी भारी नुकसान पहुंच रहा है. कृषि विशेषज्ञों के अनुसार पराली जलाने से मिट्टी में मौजूद लाभदायक जीवाणु नष्ट हो जाते हैं, जिससे खेतों की उत्पादक क्षमता धीरे-धीरे कम होने लगती है. इसके साथ ही धुएं से वायु प्रदूषण बढ़ता है और आसपास के लोगों को सांस संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है.
पकड़े जाने पर किए जाएंगे योजनाओं से वंचित: कृषि विभाग
कृषि विभाग द्वारा पहले ही स्पष्ट किया जा चुका है कि पराली जलाते पकड़े जाने वाले किसानों को सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित किया जा सकता है. बावजूद इसके कई किसान बिना किसी भय के खेतों में आग लगा रहे हैं. कई मामलों में पराली की आग फैलकर आसपास के खेतों तक पहुंच जाती है, जिससे अन्य किसानों की फसलें भी प्रभावित हो रही हैं.
स्थानीय लोगों में अनहोनी का डर
स्थानीय लोगों का कहना है कि खेतों में लगातार जल रही पराली से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है. वहीं प्रशासनिक स्तर पर अब तक सख्त कार्रवाई नहीं होने के कारण किसानों में डर का माहौल नहीं बन पा रहा है. अब देखने वाली बात यह होगी कि कृषि विभाग और प्रशासन पराली जलाने वाले किसानों के खिलाफ क्या कदम उठाता है और इस पर प्रभावी रोक लगाने के लिए किस तरह की कार्रवाई की जाती है.
(भोजपुर से नेहा गुप्ता की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

जहरीली शराब कांड के बाद एक्शन में मोतिहारी पुलिस, यूपी से बड़े शराब माफिया को दबोचा

मोतिहारी में भीषण गर्मी में गहराया बिजली संकट, 6 दिनों से है बिजली गुल, लोगों का फूटा गुस्सा







