BIHAR (DARBHANGA) : दरभंगा जिले के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र में 26 वर्षीय विवाहिता पूनम देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है. घटना निस्ता पंचायत के भजौड़ा गांव की है. मृतका का शव घर के बिस्तर पर मिला, जबकि गले पर काला निशान और पैर बंधे होने की बात सामने आई है. इन हालातों को देखते हुए मायके पक्ष ने गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है.
पूरे ससुराल पक्ष को पुलिस ने लिया हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही सिंहवाड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है. घटना को लेकर मायके पक्ष ने पति, सास, देवर और ननद पर मिलकर हत्या करने का आरोप लगाया है. घटना के बाद पूरे ससुराल पक्ष को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है.

घटना को आत्महत्या मानने को तैयार नहीं परिजन
बताया जा रहा है कि मृतका की शादी वर्ष 2016 में भजौड़ा गांव निवासी संतोष सहनी से हुई थी. पति संतोष सहनी दिल्ली में रहकर कोठी में खाना बनाने का कार्य करता है. परिजनों का कहना है कि पूनम आत्मनिर्भर और जिंदादिल थी. वह सोशल मीडिया पर सक्रिय रहती थी और रील बनाकर अपनी खुशहाल जिंदगी को साझा करती थी. ऐसे में आत्महत्या की बात उन्हें बिल्कुल भी गले नहीं उतर रही है. वहीं दूसरी तरफ परिजनों ने यह भी बताया कि मृतका का उसके पति से अक्सर विवाद होता था और सास व ननद के साथ भी संबंध ठीक नहीं थे. वहीं आरोपी सास ने हत्या के आरोप को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि दिन भर फोन पर बात करती थी. रील बनाती थी. मना करने पर सुसाइड की धमकी दी थी.

पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से कर रही जांच
इस संबंध में सिंहवाड़ा थाना प्रभारी बसंत कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है.
रिपोर्ट : लक्ष्मण कुमार









