BIHAR (NALANDA): बिहार शरीफ मुख्यालय में स्थित महिला थाना के सामने घरेलू विवाद को लेकर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब वर पक्ष और वधू पक्ष के बीच घंटों हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा. मामला देकपुरा गांव का है.
बहू पर भूत-प्रेत के साये का आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार देकपुरा गांव निवासी सुग्रीव पासवान की शादी करीब छह महीने पहले मसिया गांव की बेटी से हुई थी. शादी के कुछ ही महीनों बाद पति-पत्नी के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला महिला थाना तक जा पहुंचा. वर पक्ष का आरोप है कि उनकी बहू पर भूत-प्रेत का साया है. परिवार के लोगों का कहना है कि वह कई बार रात के अंधेरे में अचानक घर से बाहर निकल जाती है, जिससे पूरा परिवार दहशत में रहता है. आरोप है कि बार-बार समझाने के बावजूद वह बिना बताए बाहर निकल जाती थी.

थाना परिसर के बाहर घंटों चलता रहा हाई वोल्टेज ड्रामा
परिजनों के मुताबिक इस समस्या से निजात पाने के लिए गांव के भगत से झाड़-फूंक भी कराया गया, लेकिन किसी तरह का कोई असर नहीं हुआ. इसके बाद दोनों परिवारों के बीच तनाव और बढ़ता चला गया और विवाद थाने तक पहुंच गया. महिला थाना के सामने दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए और जमकर हंगामा किया. कई घंटों तक थाना परिसर के बाहर हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा. इस दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही, जिससे मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई.

आपसी बातचीत से समाधान निकालने की दी गई सलाह
काफी देर बाद पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों को समझाया-बुझाया और उन्हें घर भेज दिया. पुलिस का कहना है कि मामला घरेलू विवाद का है और दोनों पक्षों को आपसी बातचीत से समाधान निकालने की सलाह दी गई है.
फिलहाल दोनों परिवार अपने-अपने घर लौट गए हैं, लेकिन यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है.
रिपोर्ट : वीरेंद्र कुमार









