क्रिकेट खेलने के दौरान नदी में जा गिरी गेंद, निकालने गए तीन मासूम डूबे ! दो की मौत
औरंगाबाद जिले स्थित बटाने नदी में क्रिकेट गेंद निकालने के दौरान तीन मासूम बच्चे डूबने लगे. जिसमें दो की डूबकर दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है.

Aurangabad / Bihar (Report By- Rupesh): बिहार के औरंगाबाद जिले से एक बेहद ही दर्दनाक घटना सामने आई है जहां दो मासूमों की खेल-खेल में जान चली गई. यह पूरी घटना औरंगाबाद मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पवई गांव की है जहां स्थित बटाने नदी में डूबने से दो सगे संबंधी बच्चों की मौत हो गई. इस हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है.
मृतक बच्चों की पहचान तिताई बिगहा गांव के रहने वाले अनीश कुमार के बेटे शिवम कुमार (6 वर्ष) और राजकुमार के बेटे आर्या विश्वकर्मा (10 वर्ष) के रुप में हुई है. परिजनों ने बताया है बच्चे शाम के समय पवई गांव स्थित मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे इस दौरान गेंद उछलकर पास में बह रही बटाने नदी में जा गिरी. जिसके बाद गेंद निकालने आर्या, शिवम और शिवम का बड़ा भाई विष्णुकांत नदी में उतर गए. नदी का पानी कितना गहरा होगा इस बात का उन्हें अंदाजा भी नहीं था और वे तीनों अचानक डूबने लगे.

नदी में तीनों बच्चों को डूबता देख पास से गुजर रहे पवई निवासी एक युवक ने शोर मचाया और नदी में छलांग लगा दी. इस बीच गांव के अन्य युवक भी बच्चों को बचाने के लिए नदीं में कूद पड़े. इस बीच उन्होंने तीनों बच्चों को किसी तरह नदीं से बाहर निकाला और उन्हें आनन-फानन में सुंदरगंज स्थित निजी क्लिनिक पहुंचाया, जहां आर्या और शिवम की हालत गंभीर जबकि विष्णुकांत की स्थिति को डॉक्टरों ने सामान्य बताया.
इसके बाद गंभीर हालत वाले दोनों बच्चों को तुरंत सदर अस्पताल इलाज के लिए पहुंचाया गया. लेकिन डॉक्टरों ने आर्या और शिवम दोनों को मृत घोषित कर दिया. अचानक दो बच्चों की मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया. बच्चों की मौत की खबर सुनते ही गांव के लोगों की भीड़ सदर अस्पताल पहुंच पड़ी. वहीं घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

नालंदा में खेत में पड़ा मिला युवक का शव, पुलिस ने कहा- ड्रग्स ओवरडोज से हुई मौत

मोतिहारी में करोड़ों के गांजा रैकेट पर पुलिस का बड़ा वार, लग्जरी कार से 22 पैकेट गांजा किया बरामद







