Bhagalpur (Bihar): समृद्धि यात्रा के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भागलपुर के जगदीशपुर प्रखंड स्थित बैजानी पंचायत पहुंचे. मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए. सभा स्थल में प्रवेश से पहले सभी लोगों की मेटल डिटेक्टर से सघन जांच की गई. सीएम के इस कार्यक्रम में जीविका दीदियों और हजारों की संख्या में महिलाओं की भारी मौजूदगी देखने को मिली. जिससे पूरा माहौल उत्साह और जोश से भर गया.
मुख्यमंत्री सबसे पहले हवाई अड्डा पहुंचे इसके बाद उन्होंने बौसी रेलवे अंडरपास का निरीक्षण किया. इसके बाद बैजानी पंचायत पहुंचकर मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत विवाह मंडप का शिलान्यास किया और विभिन्न सरकारी योजनाओं का जायजा लिया. इसके बाद मुख्यमंत्री बैजानी के सभास्थल पहुंचे, जहां उन्होंने प्रगति यात्रा के संकल्प का अवलोकन किया. साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल्स का निरीक्षण करते हुए कई महत्वपूर्ण योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया.
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वरीय पदाधिकारियों के साथ जिले में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा की और आम लोगों से सीधा संवाद भी किया. इस मौके पर भागलपुर जिले को बड़ी सौगात देते हुए मुख्यमंत्री ने कुल 171 करोड़ रुपये की लागत से 88 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. वहीं, अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2005 से पहले महिलाओं की सुरक्षा को लेकर स्थिति बेहतर नहीं थी और कब्रिस्तान की घेराबंदी को लेकर विवाद होते थे लेकिन अब हालात बदल चुके हैं. उन्होंने कहा कि अब महिलाएं सुरक्षित हैं और सड़कों पर पहले की तरह गड्ढे भी नजर नहीं आते.
रिपोर्ट- अजय कुमार






