26 अगस्त से डालमिया सीमेंट में चक्का जाम!, बोकारो के ट्रांसपोर्टरों ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी
बोकारो के बियाडा ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने आठ सूत्री मांगों को लेकर 26 अगस्त से डालमिया सीमेंट में अनिश्चितकालीन चक्का जाम की चेतावनी दी है। ट्रांसपोर्टर भाड़ा बढ़ाने और डेडिकेटेड ट्रक व्यवस्था खत्म करने की मांग कर रहे हैं।

Bokaro: बोकारो के बियाडा ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने बालीडीह औद्योगिक क्षेत्र में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर स्थानीय ट्रांसपोर्टरों की समस्याओं को लेकर मोर्चा खोल दिया है। एसोसिएशन ने प्रशासन और संबंधित कंपनियों के सामने आठ सूत्री मांगें रखते हुए साफ चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो 26 अगस्त से डालमिया सीमेंट में अनिश्चितकालीन चक्का जाम किया जाएगा।
एसोसिएशन के अध्यक्ष सुधीर कुमार राय ने कहा कि संरक्षक और सांसद ढुल्लू महतो के निर्देश पर स्थानीय ट्रांसपोर्टरों के हितों की रक्षा के लिए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि लगातार आर्थिक नुकसान झेल रहे ट्रांसपोर्टरों के सामने अब आंदोलन के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है।
डेडिकेटेड ट्रक व्यवस्था खत्म करने की मांग
एसोसिएशन ने डालमिया सीमेंट में लागू डेडिकेटेड ट्रक व्यवस्था को तत्काल समाप्त करने की मांग की है। ट्रांसपोर्टरों का आरोप है कि इस व्यवस्था के नाम पर स्थानीय वाहन मालिकों का उत्पीड़न किया जा रहा है और उन्हें पर्याप्त काम नहीं मिल रहा है।
वहीं, बढ़ती महंगाई और परिचालन खर्च को देखते हुए वर्तमान भाड़ा दर में कम से कम 15 प्रतिशत बढ़ोतरी की मांग की गई है।
‘बिडिंग में कम दर पर मिलता है काम’
ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि बिडिंग प्रक्रिया में वास्तविक भाड़े से करीब 5 से 7 प्रतिशत कम दर पर काम आवंटित किया जाता है। इससे स्थानीय वाहन मालिकों को लगातार आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
एसोसिएशन ने अब तक हुए नुकसान की टन के आधार पर भरपाई करने और मौजूदा व्यवस्था को खत्म करने की मांग भी रखी है।
बाहर की गाड़ियों को काम देने का आरोप
स्थानीय ट्रांसपोर्टरों ने आरोप लगाया कि बाहर से गाड़ियां बुक कर बोकारो लाई जाती हैं, जबकि स्थानीय वाहन मालिकों को पर्याप्त काम और उचित भाड़ा नहीं दिया जाता। एसोसिएशन के मुताबिक इस मामले की जानकारी बोकारो DC अजय नाथ झा और सांसद ढुल्लू महतो को भी दी गई है।
एसोसिएशन का कहना है कि DC ने डालमिया प्रबंधन से बातचीत भी की, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।
26 अगस्त से अनिश्चितकालीन चक्का जाम की चेतावनी
ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने स्पष्ट कर दिया है कि अगर उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक फैसला नहीं हुआ तो 26 अगस्त से डालमिया सीमेंट में वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

आधी रात को दो बाइकों पर 6 संदिग्ध, धनबाद पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा, कट्टा-गोली और चोरी की गाड़ी बरामद

कस्तूरबा विद्यालय में अचानक पहुंचे गिरिडीह DC, खाने की थाली से लेकर क्लासरूम तक की जांच







