Jharkhand Assembly Budget Session: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र का आज 15वां दिन है. आज सदन की कार्यवाही शुरू होने से पूर्व बीजेपी के विधायकों ने राज्य सरकार के खिलाफ विधानसभा परिसर में जमकर हंगामा और नारेबाजी की. उन्होंने हेमंत सरकार के खिलाफ हाय-हाय के नारे लगाते हुए रसोईया और आंगनबाड़ी सेविकाओं के लिए सम्मानजनक मानदेय, ऊर्जा मित्र, सीआरपी और बीआरपी को समान वेतन देने की मांग की.
अपनी विफलता विपक्ष पर धकेल रही सरकार-बाबूलाल मरांडी
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सरकार अपने वादों से भाग रही है. सत्ता में आने से पहले सरकार ने लंबी-लंबी घोषणाएं करते हुए, संविदा के आधार पर, पारा शिक्षक से लेकर सभी को स्थायी करने की बात की थी. आज पिछले 6 साल से अवसर मिला है तो आपको ये कार्य करना चाहिए था. लेकिन सरकार अपनी विफलता को विपक्ष पर धकेलने का काम कर रही है.
हर मोर्चे पर फेल हो चुकी है हेमंत सरकार- नवीन जायसवाल
बीजेपी विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि सरकार हर मोर्चे पर फेल हो चुकी है चाहे नौजवान हों, महिलाएं हों या किसान. उन्होंने कहा कि जब वे विधानसभा आ रहे थे, तब आंदोलन के कारण कई जगह रूट डायवर्ट करना पड़ा, जो इस बात का संकेत है कि जनता सरकार से नाराज़ है. उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र में मजबूती से काम कर रही है.
हमलोग सरकार से मांग कर रहे- शशि भूषण मेहता
बीजेपी विधायक शशिभूषण मेहता ने कहा कि हमारे कृषक मित्र दैनिक मजदूरी से भी कम है. वे अपना गुजारा कैसे करते हैं इसकी कल्पना मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी ही कर सकते हैं. हमलोग सरकार से मांग कर रहे हैं कि इन्हें वेतन दें और स्थायी भी करें. जिससे वे सम्मानजनक जिंदगी जी सकें.
हमारी सबसे बड़ी संपत्ति हमारी जमीन, लेकिन इसकी लूट अधिक- जयराम महतो
जयराम महतो ने कहा कि जिस तरह से अंचल और बाकी जगहों पर चाहे वह सरकारी जमीन हो, गैर-मजुरआ या जंगल की जमीन हो वहां एक सिंडिकेट काम कर रहा है, यह राज्य के लिए चिंता का विषय है. जिन जमीनों को अंग्रेजों ने बचाने के लिए हमें 1908 में सीएनटी और 1837 में बिलकिन्सन और 1950 में एसपीटी कानून से नवाजा जिससे हमारी जमीन को कोई छू न पाएं. हमारी सबसे बड़ी संपत्ति हमारी जमीन है. लेकिन आज सबसे ज्यादा कोयला और बालू के बाद लूट मची है तो वह जमीनों की है.
उन्होंने कहा कि जिस राज्य में कुछ नहीं करने के बाद आप मां और बहनों को 2500 हजार दे रहे हैं तो कम से कम जो कुछ कर रहे हैं मेहनत और श्रम कर रहे हैं उनके लिए सम्मानजनक मानदेय की अपेक्षा रखते हैं. उनकी मांगों का हमने समर्थन किया है और इस मुद्दे को सदन में भी उठाने का काम किया है.
सड़क पर उतरकर हर वर्ग कर रहा आंदोलन- विधायक पूर्णिमा
वहीं, बीजेपी विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि राज्य में जमीन से जुड़े मामलों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हो रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि CO और LRDC के माध्यम से जमीन के रिकॉर्ड में छेड़छाड़ की जा रही है और भू-राजस्व विभाग लूट का अड्डा बन चुका है. उन्होंने कहा कि आज राज्य में हर वर्ग सड़क पर उतरकर आंदोलन कर रहा है, रसोईया, कृषक मित्र, JTET अभ्यर्थी और आंगनबाड़ी सेविका सभी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही है.
रिपोर्ट- नवीन शर्मा / यशवंत कुमार






