Jharkhand Assembly Budget Session: झारखंड विधानसभा बजट सत्र के 16वें दिन आज, मंगलवार (17 मार्च 2026) को विधानसभा परिसर में झरिया से बीजेपी विधायक रागिनी सिंह धरने पर बैठी, उन्होंने धनबाद के असर्फी अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. अपने प्रदर्शन के दौरान रागिनी सिंह ने गुड्डू सिंह उर्फ संजीत सिंह के परिजनों को पैसा वापस करने की भी मांग की. मांग पूरी होने तक वह धरना जारी रखने पर अड़ी रही.
स्पीकर ने रागिनी सिंह को मनाने भेजे दो विधायक
इधर सदन की कार्रवाई शुरू होने के बाद विधानसभा स्पीकर रवींद्र नाथ महतो ने रागिनी सिंह को मनाने के लिए बीजेपी विधायक पूर्णिमा साहू और JMM विधायक लुईस मरांडी को भेजा. दोनों विधायक धरने पर बैठीं रागिनी सिंह को मनाने पहुंची. जिसके बाद विधायक रागिनी सिंह सदन की कार्रवाई में शामिल होने के लिए सदन के अंदर गई.
जानें, क्या है असर्फी अस्पताल का मामला
बता दें, बीते दिनों झरिया के रहने वाले संजीत सिंह (54) को सड़क हादसे में घायल होने के बाद इलाज के लिए असर्फी अस्पताल पहुंचाया गया था. जहां इलाज के दौरान संजीत की मौत हो गई. इस बीच अस्पताल प्रबंधन ने मृतक के परिजनों को 20,864 हजार रुपए का बिल थमा दिया. और रुपए न चुकाने की सूरत में उन्हें शव सौंपने से साफ मना कर दिया.
मौके पर पहुंचकर नवनिर्वाचित मेयर ने चुकाया बिल
लेकिन इस मामले की सूचना मिलते ही विधायक रागिनी सिंह के पति और धनबाद के नवनिर्वाचित मेयर मौके पर अस्पताल पहुंचे और उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को 20,864 हजार रुपए का बिल चुकाया और इसके बाद संजीत सिंह के शव को उसके परिजनों को सौंपा गया.
रिपोर्ट- यशवंत कुमार






