Bihar (Biharsharif): बिहारशरीफ व्यवहार न्यायालय परिसर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां कोर्ट परिसर स्थित एक चार मंजिला बिल्डिंग से गिरकर एक मिस्त्री गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल मिस्त्री को इलाज के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेजा गया है.
बताया जा रहा है कि बिहारशरीफ व्यवहार न्यायालय परिसर में एक बिल्डिंग में मरम्मत का कार्य चल रहा था. इसी दौरान बिजली मिस्त्री काम कर रहा था. काम करते समय अचानक वह चार मंजिला इमारत से अनियंत्रित होकर नीचे गिर पड़ा.
इस घटना के बाद कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायल मिस्त्री को इलाज के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल पहुंचाया.
आशीष कुमार वर्मा एडवोकेट ने बताया कि वे सुलोचना मैडम के कोर्ट में मौजूद थे. इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि मरम्मत का कार्य कर रहा एक बिजली मिस्त्री बिल्डिंग से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया है. जब वे मौके पर पहुंचे तो घायल मिस्त्री को इलाज के लिए अस्पताल भेजा जा चुका था.
फिलहाल घायल बिजली मिस्त्री का नाम और पता स्पष्ट नहीं हो सका है. वहीं सूत्रों के अनुसार मिस्त्री की हालत काफी नाजुक बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि उसके दोनों हाथ टूट गए हैं और सिर में भी गंभीर चोट आई है.
प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया है.
रिपोर्ट: वीरेंद्र कुमार








