गिरिडीह में बड़ी चोरी: छत पर सो रहा था परिवार, घर से 25 लाख के जेवर, नकदी और जमीन के कागजात गायब
घटना की सूचना पर नवडीहा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. लेकिन हैरान करने वाली बात तो यह है कि पूरा परिवार घर पर था, सिर्फ भीषण गर्मी के कारण मदन चौधरी और उनका परिवार रात में छत पर सोया था.

Giridih, Jharkhand: गिरिडीह के जमुआ थाना क्षेत्र के नवडीहा ओपी अंतर्गत चोरगता गांव में बीती रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया. चोर मदन चौधरी के घर से 25 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर, 50 हजार रुपये नकद और जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज उड़ा ले गए.
घटना की सूचना पर नवडीहा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. लेकिन हैरान करने वाली बात तो यह है कि पूरा परिवार घर पर था, सिर्फ भीषण गर्मी के कारण मदन चौधरी और उनका परिवार रात में छत पर सोया था. इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर कमरे में रखे बक्से-अलमारी को खंगाल डाला. सुबह परिवार के लोग नीचे आए तो सामान बिखरा मिला और जेवर-नकदी व जरूरी कागजात गायब थे. इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया.
पीड़ित परिवार ने बताया कि चोरी गए जेवरात में सिर्फ बहुओं के ही नहीं, बल्कि मदन चौधरी की दो बेटियों की शादी के लिए जोड़े गए आभूषण भी शामिल थे. मदन चौधरी के पांच बेटे और तीन बेटियां हैं. परिवार ने वर्षों की मेहनत से ये जेवर संजोए थे. एक ही रात में सब चले जाने से परिवार टूट गया है.
परिवार का कहना है कि चोर आमतौर पर जेवर-नकदी ही ले जाते हैं, लेकिन यहां जमीन के दस्तावेज भी चोरी हुए हैं. इससे उन्हें साजिश का शक है. मदन चौधरी के पुत्र ने बताया कि गांव के कुछ लोगों से उनका 2007 से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है. इस दौरान गृहस्वामी मदन ने अभिमन्यु चौधरी, राजदेव चौधरी, अभिनाश चौधरी, महेश चौधरी, प्रदीप चौधरी, फुलेंद्र चौधरी और मनोज चौधरी पर संदेह जताया है. हालांकि पुलिस ने अभी किसी की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है.
इस दौरान पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. पीड़ित परिवार ने प्रशासन से जेवर, नकदी और जमीन के कागजात बरामद कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
(गिरिडीह से मनोज कुमार पिंटू की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

मधुबन उत्पाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: शराब माफियाओं पर कसा शिकंजा, बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद

वाहन से बचने के प्रयास में ऑटो पलटा, एक ही परिवार के 6 लोग घायल







