730 करोड़ के GST घोटाले में विक्की भालोटिया को बड़ा झटका, झारखंड HC ने खारिज की जमानत
730 करोड़ रुपये से अधिक के कथित GST घोटाले में कारोबारी विक्की भालोटिया की जमानत याचिका झारखंड हाईकोर्ट ने खारिज कर दी। ED 90 से ज्यादा शेल कंपनियों और फर्जी लेनदेन की जांच कर रही है।

Jharkhand High Court: 730 करोड़ रुपये से अधिक के GST घोटाला मामले में जमशेदपुर के जुगसलाई निवासी कारोबारी विक्की भालोटिया उर्फ अमित अग्रवाल को झारखंड हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। हाईकोर्ट ने उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी है। इससे पहले PMLA की विशेष अदालत भी उसकी जमानत याचिका खारिज कर चुकी थी, जिसके बाद उसने हाईकोर्ट का रुख किया था।
ED ने कोर्ट में रखा अपना पक्ष
मामले में ED की ओर से वरीय अधिवक्ता अमित कुमार दास और अधिवक्ता सौरभ कुमार ने पक्ष रखा। जांच एजेंसी की ओर से मामले से जुड़े आरोपों और साक्ष्यों को अदालत के सामने रखा गया।
शेल कंपनियों के जरिए 730 करोड़ के फर्जीवाड़े का आरोप
यह मामला शेल कंपनियों के नाम पर GST एंट्री कर 730 करोड़ रुपये से अधिक के कथित फर्जीवाड़े से जुड़ा है। मामले में ED ने ECIR दर्ज किया है। जांच एजेंसी इस मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
गिरफ्तार आरोपियों में जमशेदपुर के जुगसलाई के कारोबारी विक्की भालोटिया, शिव कुमार देवड़ा, मोहित देवड़ा और कोलकाता के कारोबारी अमित गुप्ता समेत अन्य लोग शामिल हैं।
14,325 करोड़ के फर्जी चालान बनाने का आरोप
जांच में सामने आए आरोपों के मुताबिक, शिव कुमार देवड़ा, सुमित गुप्ता और अमित गुप्ता समेत अन्य आरोपियों पर करीब 14,325 करोड़ रुपये के फर्जी चालान तैयार करने का आरोप है। इन फर्जी चालानों के आधार पर 730 करोड़ रुपये से अधिक के अयोग्य GST दावे किए गए, जिससे सरकार को भारी राजस्व नुकसान हुआ।
इस मामले में GST Intelligence पहले भी कार्रवाई कर चुकी है। GST अधिकारी दिनेश सिंह के बयान पर केस दर्ज किया गया था, जिसके बाद शिव कुमार देवड़ा, सुमित गुप्ता और अमित गुप्ता को जेल भेजा गया था।
90 से ज्यादा शेल कंपनियों से GST घोटाले का आरोप
जांच से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक, 90 से अधिक शेल कंपनियों के जरिए कथित तौर पर GST चोरी को अंजाम दिया गया। ED को भी मामले से जुड़े कई साक्ष्य मिलने की बात सामने आई है। एजेंसी अब पूरे नेटवर्क और फर्जी कंपनियों के जरिए किए गए लेनदेन की जांच कर रही है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

गुजरात में झारखंड के युवक ने की आत्महत्या!, पूरी रात क्रेन से लटकती रही लाश

2.20 करोड़ के इनामी नक्सली मिसिर बेसरा समेत 3 हार्डकोर नक्सली जेल भेजे गए, 14 दिन की रिमांड पूरी







