KYC अपडेट के नाम पर बैंक खाता खाली!, WhatsApp पर आए इस मैसेज से रहें सावधान, RBI ने किया अलर्ट
RBI ने KYC अपडेट के नाम पर होने वाले बैंक फ्रॉड को लेकर अलर्ट किया है। जानिए WhatsApp स्कैम, फर्जी लिंक, APK फाइल और OTP-PIN चोरी से कैसे बचें।

KYC Fraud : बैंक KYC अपडेट के नाम पर होने वाले साइबर फ्रॉड को लेकर RBI ने ग्राहकों को सतर्क किया है। ठग अब WhatsApp और ईमेल के जरिए लोगों को डराकर उनके बैंक खाते और निजी वित्तीय जानकारी हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। फर्जी मैसेज में दावा किया जाता है कि अगर तुरंत KYC अपडेट नहीं किया गया तो बैंक अकाउंट ब्लॉक या फ्रीज कर दिया जाएगा।
ठग इसी डर का फायदा उठाकर लोगों को मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक करने या किसी नंबर पर संपर्क करने के लिए मजबूर करते हैं। इसके बाद OTP, PIN और बैंकिंग से जुड़ी संवेदनशील जानकारी हासिल कर खाते से पैसे निकालने की कोशिश की जाती है।
‘KYC अपडेट नहीं किया तो अकाउंट ब्लॉक’... ऐसे फंसाते हैं ठग
स्कैमर्स WhatsApp या ईमेल पर ऐसा मैसेज भेजते हैं, जो देखने में बैंक का आधिकारिक संदेश जैसा लगता है। इसमें KYC अपडेट करने के लिए एक लिंक दिया जाता है और साथ में अकाउंट बंद या ब्लॉक होने की चेतावनी दी जाती है।
लोग घबराकर लिंक खोल देते हैं। इसके बाद उन्हें फर्जी वेबसाइट पर ले जाया जा सकता है, जहां बैंक डिटेल, कार्ड नंबर, PIN या OTP जैसी जानकारी मांगी जाती है। यही जानकारी साइबर ठगों के लिए बैंक खाते तक पहुंच बनाने का जरिया बन सकती है।
RBI की सलाह- ‘रुकें, सोचें और फिर कदम उठाएं’
RBI ने ऐसे मामलों में ग्राहकों को जल्दबाजी नहीं करने की सलाह दी है। किसी भी संदिग्ध मैसेज में मौजूद लिंक पर क्लिक करने या दिए गए नंबर पर कॉल करने से पहले उसकी सत्यता जांचें।
अगर KYC से जुड़ा कोई संदेश मिले तो अपने बैंक की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप या शाखा के जरिए जानकारी की पुष्टि करें। संदिग्ध मैसेज के जरिए भेजे गए लिंक से KYC अपडेट करने से बचें।
APK फाइल के जरिए भी हो रहा है फ्रॉड
साइबर ठग अब लोगों को APK फाइल डाउनलोड और इंस्टॉल करने के लिए भी उकसा रहे हैं। पहले KYC लंबित होने का फर्जी मैसेज भेजा जाता है और फिर ‘घर बैठे KYC’ कराने के नाम पर मोबाइल में एक APK फाइल इंस्टॉल करने को कहा जाता है।
ऐसी संदिग्ध फाइल फोन की सुरक्षा और निजी जानकारी के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। इसलिए किसी अनजान व्यक्ति या संदिग्ध लिंक के जरिए भेजी गई APK फाइल को फोन में इंस्टॉल न करें।
OTP और PIN मांगने वाला कोई भी मैसेज समझें खतरे की घंटी
बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। खास तौर पर OTP, ATM/debit card PIN, CVV, इंटरनेट बैंकिंग पासवर्ड जैसी जानकारी किसी को न बताएं।
ध्यान रखें, सिर्फ मैसेज में आए लिंक पर क्लिक करने के बजाय अपने बैंक के आधिकारिक माध्यम से KYC की स्थिति जांचना कहीं ज्यादा सुरक्षित है।
ठगी हो जाए तो तुरंत करें शिकायत
अगर गलती से किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक कर दिया है या बैंक खाते से अनधिकृत लेनदेन हो गया है, तो तुरंत अपने बैंक से संपर्क करें और संबंधित खाते/कार्ड को सुरक्षित कराने की कार्रवाई करें। साइबर फ्रॉड की स्थिति में शिकायत दर्ज कराने में देरी न करें।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

65 लाख निवेश के दावे पर 2.82 करोड़ का विवाद, महिला डायरेक्टर ने पार्टनर पर दर्ज कराई FIR

बिजनेस शुरू करने का सुनहरा मौका!, Aadhaar दिखाएं और बिना कुछ गिरवी रखे सरकार दे रही ₹90 हजार की सीधी मदद







