आरती की लौ बनी काल! शिव चर्चा के बाद हुआ ऐसा हादसा, आग में जिंदा जले तीन लोग
बख्तियारपुर में शिव चर्चा के बाद आरती की थाली से कथित तौर पर पर्दे में आग लग गई। हादसे में पंकज कुमार की पत्नी, मां और छह माह की भांजी की दम घुटने और झुलसने से मौत हो गई।


बख्तियारपुर: बाढ़ अनुमंडल के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के बाईपास इलाके में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौतहो गई। बताया जा रहा है कि घर में शिव चर्चा के बाद आरती की थाली से पर्दे में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में पंकज कुमार की पत्नी रीमा देवी (45), उनकी मां गीता देवी (70) और छह माह की भांजी आस्था की दम घुटने और झुलसने से मौत हो गई।
आरती के बाद सभी चले गए, फिर अचानक घर में फैली आग
पंकज कुमार के मुताबिक, घर में शिव चर्चा के बाद आरती हुई थी। आरती के बाद मौजूद लोग प्रसाद लेकर अपने-अपने घर चले गए। इसके बाद पंकज किसी काम से छत पर चले गए। कुछ देर बाद जब वह वापस नीचे आए तो घर में आग लगी हुई थी। आग इतनी तेजी से फैली कि पंकज को अपने बेटे के साथ छत से कूदकर किसी तरह अपनी जान बचानी पड़ी।
एक-दूसरे को पकड़े मिले तीनों शव
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग बुझाने के बाद तीनों मृतक एक ही जगह पर मिले। बताया जा रहा है कि वे एक-दूसरे को पकड़े हुए थे। इस हृदयविदारक दृश्य ने मौके पर मौजूद लोगों को झकझोर दिया। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों के रोने की आवाज से माहौल गमगीन हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बख्तियारपुर में बड़ी दमकल गाड़ियों की व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि यदि समय पर बड़ी दमकल गाड़ी पहुंचती तो शायद तीनों की जान बचाई जा सकती थी। वहीं, एसडीपीओ आयुष श्रीवास्तव ने घटना की जानकारी देते हुए कहा कि बख्तियारपुर में बड़ी दमकल गाड़ियों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दो शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की है। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। आरती की एक छोटी-सी लौ ने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए बुझा दीं।
(बाढ से रवि शंकर शर्मा की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

गांधी से पहले पढ़ेंगे राजकुमार शुक्ल! बिहार के स्कूलों में बदलेगा इतिहास का पाठ, शिक्षा मंत्री का बड़ा ऐलान

रक्षाबंधन पर महिलाओं को मिला ‘पिंक गिफ्ट’, बिहार में दौड़ीं 5 AC ई-बसें; जानें रूट और किराया







