जर्जर हालत में अरवल का किंजर पुल, कभी भी हो सकती है बड़ी अनहोनी – प्रशासन की बैरिकेडिंग से बढ़ी परेशानी
भागलपुर में विक्रमशिला पुल के दो हिस्से होने के बाद अब अरवल का किंजर पुल भी जर्जर स्थिति में पहुंच गया है. कभी भी अनहोनी हो सकती है, ऐसी स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है.

Arwal, Bihar: दो जिलों को जोड़ने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग 33 पर अवस्थित अरवल जिले के पुनपुन नदी पर बना किंजर पुल इन दिनों काफी जर्जर स्थिति में है. पुल की हालत ऐसी हो चुकी है कि कभी भी किसी बड़ी अनहोनी की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता.
बीते रोज भागलपुर के विक्रमशिला पुल के गिरने से हड़कंप मचा हुआ ही है. अब इस भागलपुर के विक्रमशिला पुल की हालत भी जर्जर स्थिति में होने से जनता को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा एहतियातन बैरिकेडिंग कर भारी मालवाहक वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी गई है. इसके चलते बड़े वाहनों को अब अन्य लिंक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे वाहन चालकों को करीब 30 से 40 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है. इससे न केवल समय की बर्बादी हो रही है, बल्कि माल को गंतव्य तक पहुंचाने में भी देरी हो रही है.
हालांकि, छोटी गाड़ियों और सवारी वाहनों को पुल से गुजरने की अनुमति दी गई है, लेकिन पुल की जर्जर स्थिति के कारण यात्रियों में हर समय भय बना रहता है. पुल पार करते वक्त किसी भी अनहोनी की आशंका से लोग सहमे रहते हैं. स्थिति तब और गंभीर हो जाती है जब पितृपक्ष के दौरान हजारों श्रद्धालु किंजर मंदिर के समीप पहुंचकर पिंडदान करते हैं. ऐसे में इन श्रद्धालुओं का आवागमन भी इसी पुल के माध्यम से होता है, बावजूद इसके अब तक पुल के जीर्णोद्धार की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है.
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि भारी मालवाहक वाहनों से सरकार को अच्छा-खासा राजस्व प्राप्त होता है, फिर भी उनके लिए उचित व्यवस्था नहीं होना समझ से परे है. किंजर बाजार निवासी संजय सिंह ने बताया कि राज्य के बड़े जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी अक्सर इस पुल से गुजरते हैं, इसके बावजूद इसकी मरम्मत नहीं हो सकी है.
उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि हाल के वर्षों में कई बड़े पुल हादसे सामने आए हैं, ऐसे में किंजर पुल की अनदेखी किसी बड़े हादसे को आमंत्रण दे सकती है. उन्होंने सरकार से जल्द से जल्द पुल के जीर्णोद्धार की मांग की है, ताकि संभावित खतरे को टाला जा सके.
Report By - Nishant Mishra
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

नालंदा में खेत में पड़ा मिला युवक का शव, पुलिस ने कहा- ड्रग्स ओवरडोज से हुई मौत

मोतिहारी में करोड़ों के गांजा रैकेट पर पुलिस का बड़ा वार, लग्जरी कार से 22 पैकेट गांजा किया बरामद







