आरा में नर्सिंग छात्रों का फूटा गुस्सा, खराब रिजल्ट पर सड़क जाम, ‘एग्जाम फीस के नाम पर 13 हजार वसूली’ का आरोप
आरा के वर्मा नर्सिंग कॉलेज में खराब रिजल्ट को लेकर बीएससी नर्सिंग के छात्रों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। छात्रों ने परीक्षा फीस के नाम पर 13 हजार रुपये लेने का आरोप लगाया।


आरा: शहर के अनाइठ स्थित वर्मा नर्सिंग कॉलेज के बीएससी नर्सिंग सत्र 2023-27 के छात्रों का गुस्सा सोमवार को सड़क पर उतर आया। थर्ड सेमेस्टर का रिजल्ट खराब आने से नाराज छात्र-छात्राओं ने कॉलेज के बाहर प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
खराब रिजल्ट से नाराज छात्रों ने किया प्रदर्शन
छात्रों का आरोप है कि थर्ड सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं का रिजल्ट खराब आया है। इससे नाराज होकर विद्यार्थी कॉलेज से बाहर निकले और सड़क पर बैठकर विरोध जताने लगे। प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब एक घंटे से अधिक समय तक यातायात प्रभावित रहा।
‘एग्जाम फीस के नाम पर 13 हजार रुपये’ लेने का आरोप
प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं ने कॉलेज प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि प्रत्येक सेमेस्टर की परीक्षा के नाम पर मैनेजमेंट की ओर से करीब 13 हजार रुपये लिए जाते हैं। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि अलग-अलग मदों में अतिरिक्त राशि की वसूली की जाती है। हालांकि, छात्रों की ओर से लगाए गए इन आरोपों पर कॉलेज प्रबंधन का विस्तृत पक्ष सामने नहीं आया है।
पुलिस के समझाने पर खत्म हुआ जाम
सड़क जाम की सूचना मिलते ही नवादा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों से बातचीत की और उन्हें समझाने का प्रयास किया। काफी देर की समझाइश के बाद छात्रों ने सड़क से हटकर जाम समाप्त किया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। फिलहाल छात्रों की मुख्य मांग रिजल्ट की समीक्षा और परीक्षा शुल्क समेत अन्य कथित वसूली की जांच को लेकर है। अब देखना होगा कि कॉलेज प्रशासन और संबंधित विश्वविद्यालय इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

डिक्की ने खोल दिया ‘लूट’ का राज? जांच में सामने आया ऐसा सच, SP ने थानाध्यक्ष से मांगा जवाब

शेखपुरा में पीएम सूर्य घर योजना को लेकर जागरूकता शिविर, एक दिन में मिले 240 आवेदन







