UP (Amroha): अमरोहा के गजरौला थाना क्षेत्र में एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की गला घोंटकर हत्या कर दी. हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को पंखे से लटका दिया गया था. परिजनों की शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पुलिस ने मामले का खुलासा किया.यह घटना गजरौला थाना क्षेत्र के दारानगर गांव की है. होली के दिन रात में दारानगर गांव निवासी 35 वर्षीय ओमपाल (पिता-महावीर सिंह) का शव उसके घर में पंखे से लटका मिला था. गले पर रस्सी के निशान देखकर परिजनों को संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ओमपाल की मौत गला दबाने से होने की पुष्टि हुई. मृतक के भाई जोगेश की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान मृतक की पत्नी कल्लो के आदमपुर थाना क्षेत्र के सिकंदराबाद निवासी बबलू पुत्र दिनेश से अवैध संबंध होने की बात सामने आई.
पुलिस पूछताछ में कल्लो ने बताया कि होली के दिन उसका प्रेमी बबलू उससे मिलने गांव आया था, जिसे उसके पति ओमपाल ने देख लिया था. इसके बाद पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था. कल्लो ने बताया कि झगड़े के बाद बबलू चला गया था, लेकिन उसी रात वह फिर से उसके पास आया. इसके बाद दोनों प्रेमी-प्रेमिका ने मिलकर सोते समय ओमपाल की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी.
इस मामले में सीओ अंजली कटारिया ने बताया कि आरोपी पत्नी कल्लो को गिरफ्तार कर लिया गया है. उसका प्रेमी बबलू अभी फरार है. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त रस्सी को भी बरामद कर लिया है और मामले में वैधानिक कार्यवाही की जा रही है.








