गढ़वा में विधायक पर मानहानि और धमकी का आरोप, FIR दर्ज कराने के लिए पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने दिया आवेदन
पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ने स्थानीय विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी के खिलाफ थाना पहुंचकर प्राथमिकी दर्ज कराई है. उन्होंने उनके खिलाफ मानहानि करने और धमकी देने का आरोप लगाया है.

Ramgarh / Jharkhand (Report By- Atul Dhar Dubey): झारखंड के गढ़वा जिले में उस वक्त सियासी हलचल तेज हो गई. जब पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने स्थानीय विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया.
पूर्व मंत्री ने अपने आवेदन में बताया कि 22 अप्रैल 2026 की शाम करीब 6 बजे सदर अस्पताल के सामने स्थित एक मेडिकल दुकान पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान विधायक ने उनके खिलाफ आपत्तिजनक और झूठे बयान दिए. आरोप है कि सार्वजनिक रूप से उन्हें “जमीन हड़पने वाला”, “धोखाधड़ी करने वाला” और “अपराधी प्रवृत्ति का व्यक्ति” बताया गया, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को गहरा आघात पहुंचा.
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि उक्त बयान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म “झारखंड दृष्टि न्यूज़” और “झारखंड वार्ता” के फेसबुक पेजों पर प्रसारित किए गए, जिससे बड़ी संख्या में लोगों के बीच उनकी छवि प्रभावित हुई. पूर्व मंत्री ने पुलिस से इन डिजिटल साक्ष्यों (वीडियो, पोस्ट और लिंक) को सुरक्षित रखते हुए फॉरेंसिक जांच कराने तथा संबंधित प्लेटफॉर्म से तकनीकी विवरण (जैसे अपलोड का समय, तारीख और IP एड्रेस) जुटाने की मांग की है.
मिथिलेश ठाकुर का कहना है कि इन आरोपों के कारण समाज में उनके प्रति भ्रम और नकारात्मक धारणा बनी है, जिससे उन्हें मानसिक तनाव और अपमान का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो भविष्य में इस तरह के और बयान देकर उनकी छवि को और नुकसान पहुंचाया जा सकता है.
आवेदन में आरोपी के खिलाफ पूर्व में दर्ज मामलों का भी जिक्र करते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की गई है. साथ ही भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं- मानहानि, आपराधिक धमकी और जानबूझकर अपमान- के तहत FIR दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने की अपील की गई है. पूर्व मंत्री ने प्रशासन से त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि कानून के दायरे में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

नगर विकास मंत्री के विस क्षेत्र में गिरिडीह नगर निगम का दावा ! 305 चापानलों का दो महीने में हुआ मरम्मत

रांची में झारखंड पात्रता परीक्षा को लेकर हाई अलर्ट, केंद्रों के 200 मीटर दायरे में धारा 163 लागू







