₹2.07 लाख लूटकर समझे बच जाएंगे! पुलिस ने ऐसे सुलझाई पूरी साजिश
पचम्बा थाना पुलिस ने मछली कारोबारी से ₹2.07 लाख की लूट के मामले का पांच दिनों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से हथियार, कारतूस, बाइक और नकदी बरामद की है।


Giridih: गिरिडीह जिले में मछली कारोबारी से ₹2.07 लाख की लूट का मामला पुलिस ने सिर्फ पांच दिनों में सुलझा लिया है। पचम्बा थाना पुलिस ने इस मामले में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से दो देसी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, दो बिना नंबर की बाइक, एक बुलेट और लूट की रकम में से ₹10 हजार नकद भी बरामद किए हैं। मंगलवार को गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार, डीएसपी रूपेंद्र राणा और इंस्पेक्टर ज्ञान रंजन ने एक संयुक्त प्रेस वार्ता में पूरे मामले की जानकारी साझा की। एसपी ने बताया कि 23 जुलाई को पचम्बा थाना क्षेत्र के मोहनपुर वन विभाग के पास एक मछली कारोबारी से ₹2.07 लाख की लूट हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने एक विशेष टीम बनाई और जांच शुरू की, जिसके बाद लगातार छापेमारी करते हुए पांच दिनों के भीतर पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया।
अलग-अलग थाना क्षेत्रों के हैं आरोपी
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से हैं। इनमें बेंगाबाद थाना क्षेत्र के परसन गांव के दीपक वर्मा और पप्पू वर्मा, मोतीलेडा के विजय राय, नगर थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर के अशोक दास, और मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ब्रांडिया के शंकर दास शामिल हैं। पूछताछ के दौरान पुलिस को इस घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। एसपी ने बताया कि आरोपियों के पास से दो देसी कट्टे, तीन जिंदा कारतूस, दो बिना नंबर की मोटरसाइकिल, एक बुलेट और ₹10 हजार नकद बरामद किए गए हैं। यह भी जांच की जा रही है कि क्या बरामद किए गए वाहनों का इस्तेमाल वारदात को अंजाम देने में किया गया था।
कई मामलों में पहले भी जेल जा चुके हैं आरोपी
SP डॉ. विमल कुमार ने जानकारी दी कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से तीन का पहले से ही आपराधिक इतिहास है। खासकर अशोक दास, जो पहले पॉक्सो एक्ट के मामले में जेल जा चुका है। इसके अलावा, वह गांडेय थाना क्षेत्र के बांधाबाद में एक फाइनेंस कर्मी से लूट की घटना में भी कथित तौर पर शामिल रहा है। पुलिस अब इन आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या इनका संबंध जिले में हुई अन्य लूट की घटनाओं से भी है। अगर जांच में ऐसे तथ्य सामने आते हैं, तो अन्य मामलों में भी उनकी भूमिका की जांच की जाएगी। एसपी ने बताया कि जिले में अपराध पर नियंत्रण पाने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने इस मामले के त्वरित खुलासे के लिए पचम्बा थाना की टीम की सराहना की और कहा कि अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
(गिरिडीह से मनोज कुमार पिंटू की रिपोर्ट )

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

रांची में झारखंड पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी : 15 लाख के इनामी नक्सली सहित कुल 16 नक्सलियों ने किया आत्मसर्पण

मुख्यमंत्री ने ड्राइविंग लाइसेंस प्रक्रिया को सरल बनाने के दिए निर्देश, पलामू में 15 आवेदकों को मिला लाइसेंस







