Jharkhand (Giridih): गिरिडीह कॉलेज में नए प्रिंसिपल मृगेंद्र नारायण सिंह के पदभार संभालते ही छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया और कॉलेज के प्रशासनिक भवन में तालाबंदी कर दी. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की.
एबीवीपी कार्यकर्ताओं का कहना था कि राज्य के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गिरिडीह जिले से ही हैं, इसके बावजूद कॉलेज में कई विषयों के शिक्षकों की भारी कमी है. कई विषयों में पढ़ाई सही तरीके से नहीं हो रही है. इन्हीं मांगों को लेकर कार्यकर्ताओं ने प्रशासनिक भवन में ताला जड़कर विरोध प्रदर्शन किया.
घटना की सूचना मिलने के बाद सदर एसडीएम श्रीकांत यशवंत और एसडीपीओ जीतवाहन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उनके साथ बेंगाबाद थाना प्रभारी और मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो भी मौजूद थे. प्रशासनिक अधिकारियों ने छात्र नेताओं से बातचीत की और उन्हें समझाते हुए ताला खुलवाया.
इस दौरान एसडीएम ने कड़े तेवर दिखाते हुए कहा कि बिना सूचना के सरकारी कार्य में बाधा डालना उचित नहीं है और ऐसा करने पर कार्रवाई भी की जा सकती है. एसडीएम के सख्त रुख के बाद कार्यकर्ताओं ने प्रशासनिक भवन का ताला खोल दिया.
एसडीएम ने कहा कि फिलहाल कॉलेज में नए छात्रों का नामांकन चल रहा है. ऐसे समय में इस तरह की गतिविधियों से नामांकन प्रक्रिया प्रभावित होती है, जो सही नहीं है.
रिपोर्ट: मनोज कुमार पिंटू








