Bihar (Munger): मुंगेर जिले का हवेली खड़गपुर थाना परिसर एक अनोखे विवाह का साक्षी बना, जहां प्रेमी युगल ने परिजनों की सहमति और पुलिस की मौजूदगी में सात फेरे लिए. थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में तेघड़ा गांव निवासी 19 वर्षीय पायल कुमारी और भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र के छोटी श्रीरामपुर निवासी ब्रजेश कुमार का विवाह विधि-विधान से संपन्न कराया गया.
बाजार जा रही हूं कहकर निकली थी घर से
जानकारी के अनुसार, पायल और ब्रजेश के बीच पिछले चार वर्षों से प्रेम संबंध था. दोनों गांव में रिश्तेदारी होने के कारण एक-दूसरे के संपर्क में आए और धीरे-धीरे यह रिश्ता गहराता चला गया. 23 जनवरी को पायल घर से बाजार जाने की बात कहकर निकली और प्रेमी के साथ भागलपुर चली गई. इसके बाद 28 जनवरी को युवती के पिता अजय साह ने हवेली खड़गपुर थाना में बेटी के अपहरण व शादी की नीयत से भगाने को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी.
बालिग होने के प्रस्तुत किए प्रमाण पत्र, फिर हुई शादी
मामले को लेकर पुलिस लगातार दबिश दे रही थी. इसी क्रम में सोमवार को प्रेमी युगल स्वयं थाना पहुंचा और पुलिस के समक्ष अपने बालिग होने से संबंधित प्रमाण पत्र प्रस्तुत किए. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों के परिजनों और जनप्रतिनिधियों को थाना बुलाया. आपसी बातचीत और रजामंदी के बाद थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में दोनों की शादी कराई गई.
सबकी मौजूदगी में हुई शादी सम्पन्न
विवाह के दौरान पुलिसकर्मी, परिजन और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे, जिन्होंने बाराती की भूमिका निभाई. मौके पर पंचायत समिति सदस्य मनजीत कुमार, अजय कुमार साह, चंदन कुमार, सच्चीदा मंडल, मदन कुमार, गायत्री देवी, आरती कुमारी, धनंजय शाह और नवनीत कुमार सहित कई लोग उपस्थित थे.
रिपोर्ट: सुमित कुमार









