खूंटी में 205 किलो गांजा के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार, ओडिशा से...
खूंटी के कर्रा में पुलिस और NCB ने वाहन जांच के दौरान 205 किलो गांजा जब्त कर पांच तस्करों को गिरफ्तार किया। गांजे की कीमत करीब 61.50 लाख रुपये बताई गई है।

Khunti News: खूंटी जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ खूंटी पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। कर्रा थाना क्षेत्र के लोधमा पुलिस पिकेट के पास गुरुवार सुबह वाहन जांच के दौरान एक चारपहिया वाहन से करीब 205 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 61.50 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल
पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग को सूचना मिली थी कि ओडिशा से भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर सिमडेगा, कमडारा और कर्रा के रास्ते रांची की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर कर्रा थाना प्रभारी राजू कुमार के नेतृत्व में खूंटी पुलिस और NCB की संयुक्त टीम गठित की गई।
गुरुवार सुबह टीम ने लोधमा पुलिस पिकेट के पास वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध चारपहिया वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में छिपाकर रखा गया करीब 205 किलो गांजा बरामद हुआ।
हजारीबाग के बरही के रहने वाले हैं सभी आरोपी
गांजा बरामद होने के बाद पुलिस ने वाहन में सवार सभी पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रवि शंकर मालाकार, रवि कुमार, मो. इस्राफील, मो. अफरीदी और रिजवान खान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी हजारीबाग जिले के बरही क्षेत्र के रहने वाले हैं।
ओडिशा से रांची पहुंचाई जा रही थी गांजे की खेप
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजे की यह खेप ओडिशा से रांची ले जाई जा रही थी। पुलिस और NCB अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से खरीदा गया था और इसे रांची में किसे पहुंचाया जाना था।
तस्करी नेटवर्क खंगाल रही NCB
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 205 किलो गांजा, तस्करी में इस्तेमाल चारपहिया वाहन और अन्य साक्ष्य जब्त किए हैं। इसके बाद NCB की टीम गिरफ्तार आरोपितों, गांजा और जब्त वाहन को रांची स्थित NCB कार्यालय ले गई, जहां आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।
पूछताछ के जरिए तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस यह भी जानने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं और गांजे की आपूर्ति कहां-कहां की जाती थी।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









