मोतिहारी में जहरीली शराब से 10 मौतें, मंत्री सम्मान में व्यस्त, पीड़ितों से दूरी पर सियासत गर्म
बिहार के मोतिहारी में जहरीली शराब का कहर जारी है. जहां अब तक दस लोगों की मौत से शहर में मातम का माहौल है. वहीं मंत्री दीपक प्रकाश के बयान ने विवाद को हवा देने का काम किया है.

Bihar (Motihari): पूर्वी चंपारण में जहरीली शराब ने कहर बरपा दिया है. अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर हालत में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं. एक तरफ गांवों में मातम पसरा है, तो दूसरी तरफ सियासी गलियारों में संवेदनहीनता पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
मंत्री दीपक प्रकाश का रुख विवादों में
इसी बीच बिहार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश का रुख विवादों में आ गया है. घटना के बाद जहां पीड़ित परिवार अपने परिजनों को खोने के दर्द से गुजर रहे हैं, वहीं मंत्री का लगभग एक दर्जन स्थानों पर सम्मान समारोह में शामिल होना चर्चा का विषय बना हुआ है. हैरानी की बात यह है कि मंत्री या उनकी पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा का कोई भी प्रतिनिधि अब तक पीड़ित परिवारों से मिलने नहीं पहुंचा.
"शराबबंदी कानून नहीं होता, तो और लोग मरते"
मंत्री दीपक प्रकाश का बयान भी विवाद को और हवा दे रहा है. उन्होंने कहा कि “शराबबंदी कानून है, लेकिन इसके बावजूद लोग मर रहे हैं. अगर कानून नहीं होता तो और ज्यादा लोग मरते, और सरकार का पैसा इलाज में खर्च होता.” इस बयान को लेकर विपक्ष हमलावर हो गया है और इसे पीड़ितों के जख्म पर नमक छिड़कने जैसा बताया जा रहा है.
हालांकि मंत्री ने सफाई देते हुए कहा कि
“पूर्वी चंपारण में हमारा पहले से तय सरकारी कार्यक्रम था, इसलिए पीड़ित परिवारों से मिलने नहीं जा पाए.”
वहीं, बिहार की सियासत में चल रही हलचल पर भी मंत्री ने प्रतिक्रिया दी. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दिल्ली दौरे और जदयू के कुछ नेताओं द्वारा निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाने की पोस्टरबाजी पर उन्होंने कहा कि “नीतीश कुमार का मार्गदर्शन दिल्ली से भी मिलता रहेगा, और निशांत जी को मुख्यमंत्री बनाने के लिए समय का इंतजार करना चाहिए.”
सरकार की संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल
जहरीली शराब कांड ने एक बार फिर बिहार में शराबबंदी कानून की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं मंत्री के बयान और उनकी प्राथमिकताओं ने सरकार की संवेदनशीलता पर भी बहस छेड़ दी है.
रिपोर्ट: प्रतीक सिंह
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

मंदिर के चबूतरे पर चल रहा स्कूल, गायब मिली शिक्षिका, अरवल में शिक्षा व्यवस्था की खुली पोल

Barh में हंसी-मजाक में युवक ने अपने दोस्त को मारी गली, गंभीर हालत में PMCH रेफर






