Bangladesh Election: बांग्लादेश के 13वें राष्ट्रीय संसदीय चुनाव की घोषणा हो चुकी है. पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के सत्ता से हटने के पूरे 1 वर्ष और 6 महीने बाद बांग्लादेश में चुनाव होने जा रहे हैं. एक देशव्यापी विरोध प्रदर्शन के बाद प्रदर्शनकारियों की उग्रता और उन्हें मिल रहे सैन्य समर्थन ने शेख हसीना को देश छोड़ने पर मजबूर कर दिया था. अब जब चुनाव की घोषणा की गई है, तो जहां मुख्य चुनाव आयुक्त -सीईसी ए.एम.एम. नासिर उद्दीन देश वासियों से शांतिपूर्वक मतदान करने को लेकर आग्रह कर रहे हैं, वहीं सरकार पर चुनावी धांधली के आरोप भी लगाए जा रहे हैं.
अवामी लीग समर्थक ने लगाए आरोप
इसी तरह अवामी लीग समर्थकों ने कई इलाकों में पोलिंग से पहले वोट डालने, बूथ कब्जाने और मतदाताओं को धमकाने का आरोप लगाए हैं. कई लोगों का कहना है कि कुछ जगहों पर रात में ही वोटिंग हो रही है और बैलेट बॉक्स में हेराफेरी की जा रही है. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में कई इलाकों में पैसे बांटने और फेक बैलट्स सामने आने का दावा किया गया है.
मोहम्मद यूनुस ने की मतदान की अपील
इस बीच अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस, बीएनपी चेयरमैन तारिक रहमान, जमात-ए-इस्लामी के शफीकुर रहमान और नेशनल सिटीजन पार्टी (एनसीपी) के नेता नाहिद इस्लाम ने सभी मतदाताओं से बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की है. तारिक रहमान ने कहा कि ये दिन लंबे इंतजार के बाद आया है और लोगों को अपनी पसंद से वोट डालना चाहिए. नाहिद इस्लाम ने कहा कि लोग बदलाव चाहते हैं और सच्चे प्रतिनिधियों को चुनें.
शाम 4:30 बजे तक होगा मतदान
यह चुनाव अगस्त 2024 में देशभर में हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद शेख हसीना के प्रधानमंत्री पद से हटने के बाद हो रहा है. देश भर में 300 में से 299 संसदीय सीट पर मतदान सुबह 7:30 बजे (स्थानीय समयानुसार) शुरू हुआ और शाम 4:30 बजे तक जारी रहेगा. मतदान खत्म होने के तुरंत बाद मतों की गिनती शुरू होने की संभावना है. एक उम्मीदवार की मौत होने के कारण एक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान रद्द कर दिया गया है.









