Buxar (Bihar): बक्सर जिले के डुमरांव अनुमंडल क्षेत्र में ट्रांसफार्मर तेल चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. मामले में पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार किया है. जानकारी के अनुसार, गिरोह के सदस्यों द्वारा कृषि फीडर से जुड़े कई ट्रांसफार्मर से तेल निकालकर उसे ब्लैक मार्केट में बेचने का काम किया जाता था. कई बार इसे वे डीजल में मिलाकर खपा देते थे.
इधर, इस पूरे मामले में जानकारी देते हुए डुमरांव SDPO पोल्सत कुमार ने प्रेस कॉन्फेंस की. और बताया कि मामले में गुप्त सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर जांच टीम का गठन किया गया. डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में टीम ने सूचना के आधार पर इलाके में गश्ती की और इसी बीच सुरौंधा गांव के पास एक कृषि ट्रांसफार्मर के समीप संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दी. जब पुलिस करीब पहुंची तो देखा कि एक युवक ट्रांसफार्मर पर चढ़कर उसका तेल निकाल रहा है. इस दौरान पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक को हिरासत में ले लिया.
पूछताछ के क्रम युवक ने अपराध स्वीकार किया. और बताया कि वह ट्रांसफार्मर से तेल चोरी करने वाले गिरोह से जुड़ा हुआ है. गिरफ्त युवक की पहचान अरियांव गांव का रहने वाले संतोष कुमार उर्फ टुनटुन यादव, पिता- रामाधार यादव के रुप में हुई है. वहीं पूछताछ के क्रम संतोष के की निशानेदही से पुलिस ने एक अन्य युवक को लालगंज कड़वी इलाके से गिरफ्तार किया. जिसकी पहचान अरियांव के ही पकंज यादव, पिता- रामजी यादव के रुप में की गई है.
मौके से पुलिस ने चोरी के कई सामान बरामद की है. जिसमें एक अपाचे मोटरसाइकिल, एक ई-रिक्शा और करीब ढाई लीटर ट्रांसफार्मर का तेल शामिल हैं. मामले में जांच के दौरान पुलिस को एक ऐसे व्यक्ति की भी सूचना मिली, जो ट्रांसफार्मर से चोरी हुए तेल को बाजार में खपाने का काम करता था. उसकी पहचान पुलिस ने चुन्नू साह, पिता- खेमराज साह के रूप में हुई है. यह भी अरियांव गांव का ही रहने वाला है. पुलिस ने इसे भी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है.








