Jharkhand Weather: झारखंड के मौसम में इन दिनों लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है. एक ओर जहां गर्मी की तपिश लोगों को परेशान कर रही है तो वहीं दूसरी ओर आने वाले कुछ दिनों मेघ गर्जन के साथ बारिश का दौर शुरू होने वाला है. बता दें, इसका असर बुधवार (11 मार्च 2026) से ही राज्य के कई हिस्सों में देखने को मिल रहा है. राज्य में मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बढ़ती गर्मी के बीच राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों (जिले) में आज यानी 12 मार्च 2026 को मेघ गर्जन के साथ बारिश हो सकती है इस दौरान वज्रपात की भी संभावना है.
मौसम विभाग ने बताया है कि झारखंड में बांग्लादेश के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर दिखने लगा है जिसका प्रभाव रांची सहित राज्य के कई हिस्सों में बुधवार (11 मार्च) की सुबह से दिख रहा है. राज्य के कई हिस्सों में हल्के दर्जे की बारिश हुई है. विभाग के अनुसार, यह असर आने वाले कुछ दिनों तक बना रहेगा. रांची मौसम विभाग केंद्र की ओर से बताया गया है कि राज्य के उत्तर-पूर्वी भाग के 6 जिलों में इसका अधिक असर देखने को मिलेगा. इस दौरान इन जिलों में मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है.
आज इन जिलों में होगी बारिश
विभाग के अनुसार, आज यानी 12 मार्च को उत्तर-पूर्वी राज्य देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में आंधी तूफान, मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ तेज बारिश होने की आशंका जताई गई है. इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. राज्य में मौसम का उतार-चढ़ाव का यह दौर आगामी 15 से 17 मार्च तक देखने को मिल सकता है बिगड़ी मौसम को देखते हुए विभाग ने राज्य के सभी प्रमुख जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है बता दें, राज्य के कई जिलों में 15 से 17 मार्च के बीच भी तेज हवा, वज्रपात और बारिश की संभावना जताई गई है.
फिर 15 से 17 मार्च के बीच बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग ने बताया है कि झारखंड के मौसम में 15 मार्च से एक बार फिर बदलाव देखने को मिलेगा ! 15, 16 और 17 मार्च को उत्तर-पश्चिमी जिलों को छोड़कर राज्य के कई हिस्सों में तेज हवा और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है. विभाग के मुताबिक, 15 मार्च को राजधानी रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, बोकारो, लोहरदगा, रामगढ़, हजारीबाग, सरायकेला-खरसांवा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, साहिबगंज और कोडरमा में तेज हवाओं के साथ बारिश और वज्रपात होने की संभावना है.
16 मार्च को फिर बारिश की संभावना
मौसम के मुताबिक, बादलों के आने-जाने का सिलसिला फिलहाल बना रहेगा, इस दौरान कभी धूप तपिश तो कभी छांव का नजारा देखने को मिलेगा. विभाग का अनुमान है कि एक बार फिर 16 मार्च 2026 को तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश होने की संभावना है. जिससे मौसम और काफी सुहाना होगा. वहीं, तापमान में बढ़ोतरी और अचानक होने वाली बारिश को लेकर विभाग की तरफ से लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है. विभाग ने लोगों से आग्रह किया है कि बारिश के दौरान वे सुरक्षित स्थानों पर रहें, किसी पेड़ या बिजली के खंभों के नीचे ना जाएं.








