IPL 2026 की शुरुआत से कुछ दिनों पहले ही RCB को बड़ा झटका लगा है. टीम के एक अहम गेंदबाज को निजी कारणों की वजह से सीजन से बाहर कर दिया गया है. आरसीबी के हेड ऑफ क्रिकेट मो बॉबट (Mo Bobat) ने इसकी पुष्टि की है कि यश दयाल पूरे सीजन से निजी परिस्थितियों के कारण नहीं खेल सकेंगे.
मो बॉबट ने स्पष्ट करते हुए बताया कि हालांकि यश दयाल आईपीएल 2026 का हिस्सा नहीं होंगे, लेकिन उनका कॉन्ट्रैक्ट टीम के साथ बरकरार रहेगा.
RCB मैनेजमेंट की ओर से यह अपडेट ऐसे समय आया है जब टीम अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रही है. दयाल की गैरमौजूदगी टीम के बॉलिंग कॉम्बिनेशन को प्रभावित कर सकती है, खासकर डेथ ओवर्स में जहां वह अहम भूमिका निभाते रहे हैं.
गौरतलब है कि पिछले सीजन में यश दयाल ने RCB के लिए महत्वपूर्ण मौकों पर योगदान दिया था और टीम मैनेजमेंट का उन पर भरोसा भी साफ नजर आया था. ऐसे में उनका अचानक बाहर होना टीम के लिए रणनीतिक चुनौती बन सकता है.
यश दयाल पर बलात्कार और यौन शोषण के गंभीर आरोप
यश दयाल पर गंभीर कानूनी आरोप भी लगे हैं. उनके खिलाफ यौन शोषण और दुर्व्यवहार से जुड़े कई मामले दर्ज हुए हैं, जिनकी वजह से मामला काफी चर्चा में है.
सबसे गंभीर मामला जयपुर में दर्ज हुआ है. यह मामला POCSO एक्ट (नाबालिगों के संरक्षण से जुड़ा कानून) के तहत दर्ज किया गया है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि यश ने लंबे समय तक एक नाबालिग लड़की का यौन शोषण किया. आरोप यह भी लग रहे हैं कि उन्होंने क्रिकेट में आगे बढ़ाने का झांसा देकर रिश्ता बनाए रखा. इसके अलावा गाजियाबाद में भी एक और मामला दर्ज है. जिसमें उन पर शादी का झांसा देकर संबंध बनाने और शोषण करने का आरोप लगाया गया है.
कोर्ट द्वारा जमानत याचिका खारिज
24 दिसंबर 2025 को पॉस्को कोर्ट जयपुर ने यश दयाल की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी. जज अलका बंसल ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अभी जमानत देना सही नहीं होगा.
कोर्ट ने यह भी साफ किया कि नाबालिग से जुड़े मामलों में खास सावधानी जरूरी है. वहीं, दयाल के वकील ने इन आरोपों को गलत बताया और कहा कि संबंध सहमति से था. लेकिन अभियोजन पक्ष ने कहा कि नाबालिग के मामलों में सहमति का कोई महत्व नहीं होता है.









