Jharkhand Weather Update: राजधानी रांची सहित राज्य के कई हिस्सों में धीरे-धीरे गर्मी की तपिश बढ़ती जा रही थी जिससे लोग परेशान होने लगे थे लेकिन इस बीच अचानक मौसम के रुख ने माहौल ठंडा कर दिया है. जिससे राज्यवासियों को गर्मी से राहत की सांस ली है. बीते दिन 27 मार्च को शाम होते ही राजधानी में अचानक तेज आंधी तूफान के साथ थोड़ी-थोड़ी बारिश हुई. इस बीच सड़कों पर कुछ देर तक वाहनों की रफ्तार थम सी गई थी. इसके बाद देर शाम करीब 8 बजे बारिश कम हुई. लेकिन रात में भी बूंदा-बांदी बारिश होती रही.
आज भी कई जिलों में होगी बारिश
मौसम विभाग ने आज भी राजधानी रांची सहित राज्य के 10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और बताया है कि इन जिनों में तेज आंधी तूफान, वज्रपात और ओलावृष्टि के साथ बारिश होने हो सकती है. इसके अलावा 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई है. जिससे लोगों का जन-जीवन प्रभावित होने की आशंका है. वहीं इस बीच विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. जिन हिस्सों (जिले) में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है उनमें अधिकतर दक्षिण और मध्य जिले शामिल हैं, उन जिलों में रांची, खूंटी, गढ़वा, गुमला, सिमडेगा, लातेहाह, लोहरदगा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, सरायकेला-खरसावां के नाम शामिल हैं.
2 अप्रैल तक मौसम में दिखेगा बदलाव
राज्य के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य में अगले 2 अप्रैल तक मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर देखने को मिलेगा. रांची मौसम विभाग केंद्र के मुताबिक, 28 मार्च को उत्तर-पश्चिमी भागों को छोड़ राज्य के अन्य हिस्सों में हल्की बारिश और मेघगर्जन की संभावना है जबकि 29 मार्च को उत्तर-पूर्वी भागों में बारिश की संभावना जताई गई है इस दौरान विभाग ने कई हिस्सों में वज्रपात, कुछ भाग में ओलावृष्टि के साथ बारिश होने की बात कही है.
इस बीच 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. इसे लेकर विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है. विभाग के अनुसार, इन दिन राजधानी रांची, जमशेदपुर और धनबाद सहित कई जिलों में बारिश होने की आशंका है. इस बीच तापमान में गिरावट और इसके बाद बढ़ोत्तरी के संकेत हैं, इस बीच लोगों को विभाग की तरफ से सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
31 मार्च को फिर बदलेगा मौसम का मिजाज
विभाग के मुताबिक, 30 मार्च को मौसम शुष्क रहेगा. और आसमान में आंशिक बादल छाए नजर आएंगे. इसके बाद 31 मार्च को एक बार फिर राज्य के कई हिस्सों में मौसम का बदला हुआ मिजाज दिखेगा. इस दौरान मेघ गर्जन, वज्रपात के साथ मध्यम दर्जे की बारिश होगी. जबकि एक अप्रैल को राज्य के दक्षिणी हिस्से और 2 अप्रैल को उत्तर-पूर्वी हिस्सों को छोड़कर अन्य क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है.
आम लोगों से विभाग ने की खास अपील
वहीं, आने वाले दिनों राज्य के मौसम को देखते हुए विभाग की तरफ से प्रशासन और आम लोगों को सावधान और सतर्क रहने की अपील की गई है जिससे किसी तरह की कोई अप्रिय घटना से बचा जा सकें. विभाग ने लोगों से अपील करते हुए उन्हें खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने और ऐसे मौसम में किसानों को खेतों में जाने से बचने का आग्रह किया है.









