JHARKHAND(RANCHI): राज्य सरकार ने शब ए बारात पर्व को लेकर आज कार्यपालक आदेश के तहत अवकाश घोषित किया है. कार्मिक विभाग ने अवकाश से संबंधित अधिसूचना जारी की है. हालांकि, शब ए बारात का अवकाश घोषित होने के बाद भी नगर निकाय चुनाव से जुड़ी सारी प्रक्रियायें और जैक की मैट्रिक बोर्ड तथा इंटरमीडिएट परीक्षा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप होगी. इसमें किसी भी प्रकार का संशोधन नहीं किया गया है.

नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन का आज आखिरी दिन
राज्य में 48 नगर निकायों के हो रहे चुनाव के लिए पर्चा दाखिल करने का आज अंतिम दिन है. पूरे राज्य में अब तक चार हजार तीन सौ एक्यानबे प्रत्याशी नामांकन कर चुके हैं. इनमें महापौर और अध्यक्ष पद के लिए तीन सौ निन्यानबे तथा पार्षद पद के लिए तीन हजार नौ सौ बानवे प्रत्याशी ने पर्चा भरा है. आज भी बड़ी संख्या में प्रत्याशियों द्वारा नामांकन किया जाएगा. रांची मेयर पद के लिए बीजेपी समर्थित उम्मीदवार रोशनी खलखो आज नामांकन करेंगी. इस दौरान बिरसा मुंडा जेल चौक से लेकर समाहरणालय तक रैली निकाली जाएगी. कल नामांकन पत्रों की जांच होगी. जबकि 6 फरवरी को नाम वापस लिए जा सकेंगे.
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जैक बोर्ड की परीक्षा शुरू
राज्य में निकाय चुनाव की गहमागहमी के बीच इधर झारखंड में जैक बोर्ड की परीक्षा शुरू हो चुकी है. परीक्षा का आज दूसरा दिन है. मैट्रिक और इंटर की परीक्षा के लिए मुकम्मल तैयारी की गई है. मैट्रिक के छात्रों का आज हिंदी का पेपर है. सभी परीक्षा केंद्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा आयोजित की जा रही है. परीक्षार्थियों को सिर्फ एडमिट कार्ड और पेन लेकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने की अनुमति दी जा रही है. जिला प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है.
रिपोर्ट- तनय खंडेलवाल









