Bihar (East Champaran): मोतिहारी में सूखा नशा के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है. जिले में नशा तस्करी और अवैध कारोबार पर रोक लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के क्रम में डॉग स्क्वॉड एवं नगर थाना की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए कुवांरी देवी चौक स्थित एक संदिग्ध दुकान पर छापेमारी की.

यह कार्रवाई इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष राजीव रंजन के नेतृत्व में की गई, जिसमें डॉग स्क्वॉड की सक्रिय भूमिका रही. छापेमारी के दौरान दुकान की तलाशी ली गई, जहां से 16 पुड़िया में कुल 62 ग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया. बरामदगी के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया.
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके से ही एक अभियुक्त नंदलाल गिरी (पिता-स्व. रामविलास गिरी), निवासी सुरहाँ, थाना-मुफ्फसिल, जिला-पूर्वी चंपारण को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी से मादक पदार्थ के स्रोत और नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जा सके.
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को विधिवत जब्त कर लिया है और मामले में संबंधित धाराओं के तहत कांड दर्ज कर लिया गया है. अधिकारियों के अनुसार, आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा.
नगर थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और इस तरह के अवैध धंधों पर पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई जारी रहेगी.
रिपोर्ट: प्रतीक सिंह









