Motihari (Bihar): मोतिहारी पहुंचे खाद्य-आपूर्ति विभाग के प्रभारी सचिव अभय कुमार सिंह ने LPG गैस उपभोक्ताओं की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिला स्तर पर बनाए गए जिला नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया. इस दौरान उनके साथ पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल भी मौजूद रहे.
निरीक्षण के क्रम में प्रभारी सचिव ने नियंत्रण कक्ष में संधारित पंजी का अवलोकन किया तथा शिकायतों के निष्पादन से संबंधित सभी जरूरी जानकारी प्राप्त की. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का शीघ्र और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए.
निरीक्षण के बाद प्रभारी सचिव ने मोतिहारी स्थित राधाकृष्णन भवन में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के साथ समीक्षा बैठक की. इस बैठक में विभागीय पदाधिकारियों के अलावा जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) भी उपस्थित रहे. समीक्षा बैठक के दौरान LPG गैस, डीजल और पेट्रोल के वितरण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई. प्रभारी सचिव ने अधिकारियों से आपूर्ति व्यवस्था की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली.
बैठक के बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में LPG गैस, डीजल और पेट्रोल की आपूर्ति में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है. सभी संसाधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं और वितरण व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रही है. उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और उपभोक्ताओं को समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है.
रिपोर्ट- प्रतिक सिंह









