T20 World Cup जीतने के बाद पूरी टीम जश्न में डूबी हुई थी. इस दौरान हार्दिक पांड्या अपनी गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा के साथ जीत की खुशियां मनाते नजर आए. उनके कई वीडियोज वायरल भी हुए, जिसमें उन्होंने अपने बदन पर तिरंगा ओढ़ा हुआ था. इसे लेकर शिकायत की गई है कि उन्होंने इस दौरान तिरंगे का अपमान किया, और उनके द्वारा कथित तौर पर आपत्तिजनक व्यवहार किया गया.
पुणे के वकील वाजिद खान ने पुलिस को दिए आवेदन के जरिए उपर्युक्त बातों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, साथ ही FIR की मांग भी की गई है. हालांकि खबर लिखे जाने तक FIR दर्ज करने की पुष्टि नहीं हुई है.
यह विवाद उस समय सामने आया जब भारत ने अहमदाबाद में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर खिताब जीता. जीत के बाद मैदान पर खिलाड़ियों ने परिवार और साथियों के साथ जश्न मनाया, जिसकी कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए. हार्दिक भी तिरंगा ओढ़कर अपनी गर्लफ्रेंड संग जश्न मना रहे थे.
दूसरी ओर, पंड्या ने टूर्नामेंट के बाद कहा कि लगातार दूसरा टी20 वर्ल्ड कप जीतना उनके लिए एक व्यक्तिगत वादे के पूरा होने जैसा है. उन्होंने बताया कि 2024 में खिताब जीतने के बाद उन्होंने खुद से वादा किया था कि जिस भी टूर्नामेंट में खेलेंगे, उसे जीतने की कोशिश करेंगे.
पंड्या ने इस टूर्नामेंट में बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान दिया. उन्होंने दो अर्धशतक लगाए, जिनमें नामीबिया के खिलाफ 28 गेंदों में 52 रन की पारी शामिल रही, जबकि पूरे टूर्नामेंट में नौ विकेट भी झटके. 32 वर्षीय ऑलराउंडर को 2026 टी20 वर्ल्ड कप की ICC टीम में भी जगह मिली है.
पंड्या ने जीत के बाद कहा था- मैं क्रिकेट अपने देश के लिए अच्छा करने और ट्रॉफी जीतने के लिए खेलता हूं. मेरा लक्ष्य भारत के लिए जितनी ज्यादा हो सके उतनी ट्रॉफियां जीतना है.








