Nawada: संदिग्ध हालात में युवक की मौत: बेल के पेड़ से बंधा मिला शव, जताई जा रही हत्या की आशंका
आशंका जताई है कि राजेश की पहले गला दबाकर हत्या की गई और बाद में साक्ष्य छिपाने के लिए शव को बेल के पेड़ से बांध दिया गया.

Bihar (Nawada): जिले के अकबरपुर प्रखंड के बरेव गांव में मंगलवार को एक युवक का शव खेत में बेल के पेड़ से बंधा हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान बरेव गांव निवासी राजेश कुमार उर्फ मंटू सिंह (32), पिता स्व. सिया शरण सिंह के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई.
परिजनों के अनुसार, राजेश कुमार सोमवार दोपहर करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे. काफी खोजबीन के बाद मंगलवार को घर से करीब 500 मीटर दूर खेत में उनका शव बरामद किया गया.
गला दबाकर हत्या की आशंका
मृतक के परिजन राजीव कुमार ने आशंका जताई है कि राजेश की पहले गला दबाकर हत्या की गई और बाद में साक्ष्य छिपाने के लिए शव को बेल के पेड़ से बांध दिया गया. परिजनों के मुताबिक, मृतक के गले में गमछा बंधा हुआ था और उसी गमछे से उसके पैर भी बांधे गए थे. गर्दन पर गमछे के निशान मिलने से हत्या की आशंका और गहरा गई है.
परिवार ने बताया कि राजेश का किसी से कोई विवाद नहीं था. वह ट्रैक्टर से खेतों की जोताई कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनके परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है. बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरी बेटी की शादी इसी वर्ष तय थी.
एफएसएल टीम कर रही जांच
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. एसडीपीओ गुलशन कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया है. साथ ही खोजी कुत्ते की मदद से भी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
पुलिस ने बताया कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को ध्यान में रखते हुए हर पहलू पर जांच की जा रही है. फिलहाल मामले की तहकीकात जारी है और दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की बात कही जा रही है.
रिपोर्ट: सोनू सिंह
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

सहरसा में गैस एजेंसियों पर उमड़ रही भारी भीड़, प्रशासन ने कहा- 70 दिन का स्टॉक सुरक्षित

मध्यप्रदेश में 2 बेटियां होने से नाराज पति ने फोन पर पत्नी को दिया 3 तलाक, ससुराल वालों के खिलाफ शिकायत दर्ज






