Jharkhand (Giridih): गिरिडीह जिले के पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष राकेश महतो की बीते 21 फरवरी को किसी अज्ञात लोगों द्वारा डुमरी के खाखी जंगल में हत्या कर दी गई थी. पुलिस ने 19 दिनों के बाद पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है.
निमियाघाट थाना परिसर में डुमरी एसडीपीओ सुमित प्रसाद ने प्रेस वार्ता कर जानकारी देते हुए कहा कि दिनांक 28 फरवरी 2026 को खाखीकला जंगल से राकेश महतो पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष का आधा जला हुआ शव बरामद किया गया था. जिसके बाद निमियाघाट थाना में मामला दर्ज करते हुए अनुसंधान शुरू की गई.
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष की हत्या एक जमीन विवाद को लेकर कर दी गई. जानकारी के अनुसार जीटी रोड पर एक मकान का निर्माण किया जा रहा है, जिसके समीप की एक जमीन को लेकर विवाद था.
इस कांड के अनुसंधान के क्रम में राकेश महतो की हत्या करने वाला अपराधी रेवत लाल महतो 40 वर्ष तथा प्रदीप कुमार 28 वर्ष दोनों डुमरी के हेठ टोला निवासी को साक्ष्य के अनुसार विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है.
पुलिस ने बताया कि दोनों अपराधियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है. दोनों को आगे की कार्रवाई हेतु न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है. बताया कि अभी इस कांड में और भी व्यक्तियों के शामिल होने की संभावना है, जिसकी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है.
रिपोर्ट: मनोज कुमार पिंटू








