Jharkhand (Pakur): नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 की मतगणना शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो गई. सुबह 8 बजे शुरू हुई मतगणना दोपहर 12 बजे तक पूरी कर ली गई. बाजार समिति परिसर स्थित मतगणना केंद्र में अध्यक्ष और वार्ड पार्षद पदों की गिनती पूरी पारदर्शिता के साथ हुई तथा सभी विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर दिए गए.
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने बताया कि पूरी प्रक्रिया राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न हुई. उन्होंने निर्वाचन कार्य में जुड़े सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस बल, बीएलओ, मीडिया प्रतिनिधियों एवं पाकुड़ की जनता का आभार जताया. उन्होंने जानकारी दी कि 12 मार्च को विजयी अध्यक्ष व वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण होगा, जबकि उपाध्यक्ष का चुनाव निर्धारित तिथि पर अप्रत्यक्ष रूप से कराया जाएगा.
वहीं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने बताया कि मतगणना के दौरान लगभग 450 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी. उनके सहयोग से पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई. उन्होंने सभी विजयी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं देते हुए नागरिकों से आचार संहिता का पालन करने और उत्सव शांति व संयम के साथ मनाने की अपील की.
रिपोर्ट: नंद किशोर मंडल








