झारखंड कृषि व्यापार मेला 2026 के लिए मोराबादी मैदान तैयार, कृषि मंत्री ने लिया तैयारियों का जायजा
16 से 18 जून तक होगा तीन दिवसीय आयोजन, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन करेंगे उद्घाटन; किसानों को मिलेंगी नई तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी...

*Ranchi* :- राजधानी रांची के ऐतिहासिक मोराबादी मैदान में 16 से 18 जून तक आयोजित होने वाले झारखंड कृषि व्यापार मेला 2026 की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मेले के सफल आयोजन को लेकर कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने सोमवार को आयोजन स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया और तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आगंतुकों और किसानों की सुविधाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
तीन दिवसीय इस मेले में कृषि, पशुपालन, सहकारिता और ग्रामीण विकास से जुड़ी आधुनिक तकनीकों, नवाचारों तथा सरकारी योजनाओं का प्रदर्शन किया जाएगा। मेले में राज्यभर के किसान, कृषि उद्यमी, स्वयं सहायता समूह और कृषि विशेषज्ञ भाग लेंगे। आयोजन का उद्देश्य किसानों को नई कृषि तकनीकों, उन्नत खेती के तरीकों और कृषि क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी उपलब्ध कराना है।
कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने बताया कि मेले का उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन करेंगे। उन्होंने कहा कि यह मेला किसानों के लिए ज्ञान, तकनीक और बाजार से जुड़ने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा, जहां उन्हें आधुनिक कृषि प्रबंधन और सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी मिलेगी।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









