साल 2025 में महाकुंभ के पवित्र संगम तट से सोशल मीडिया के जरिए अपनी नई पहचान बनाने वाली मोनालिसा एक बार फिर सुर्खियों में है. इस बार मोनालिसा की तस्वीरें सोशल मीडिया में छाई हुई है जिसमें वह पारंपरिक दुल्हन की वेशभूषा में काफी खूबसूरत नजर आ रही है. इन तस्वीरों के सामने आने के बाद कई लोग उन्हें बधाइयां और शुभकामनाएं दे रहे हैं मगर कई लोग यह जानकर हैरान भी है.
बता दें, 'महाकुंभ गर्ल' मोनालिसा ने अपने मुस्लिम बॉयफ्रेंड फरमान खान से शादी रचाकर सबको चौंका दिया है. इस समय सोशल मीडिया में उसकी शादी की तस्वीरों ने तहलका मचा दिया है. बताया जा रहा है कि मोनालिसा ने अपनी शादी को काफी निजी रखा था. मगर उसकी शादी की लुक जैसे ही सोशल मीडिया में वायरल हुई लोग मोनालिसा के दुल्हें और शादी की डेस्टिनेशन के विषय में जानने को काफी उत्सुक हो गए हैं. 
परिवार के खिलाफ जाकर की शादी
जानकारी के अनुसार, मोनालिसा और फरमान दोनों अलग-अलग धर्म से आते हैं और वे पिछले डेढ़ साल से रिश्ते में थे . लेकिन मोनालिसा के घरवालों को ये रिश्ता कतई मंजूर नहीं था. खासकर मोनालिसा के पिता इसके खिलाफ थे. और मोनालिसा को परिवार वालों की तरफ से खूब दबाव भी बनाया जा रहा था. इसलिए शादी के लिए वह केरल पहुंची और परिवार वालों के खिलाफ जाकर अपने बॉयफ्रेंड से शादी रचा ली.
शादी से पहले पुलिस से मांगी सुरक्षा
मोनालिसा ने फरमान खान के साथ कोर्ट मैरिज की और इसके बाद तिरुवनंतपुरम के अरुमनूर नैनार मंदिर में हिंदू रीति-रिवाजों से सात फेरे लेकर शादी की. शादी से पहले मोनालिसा और उसके बॉयफ्रेंड फरमान ने 11 मार्च 2026 (बुधवार) को तिरुवनंतपुरम के थंपानूर पुलिस स्टेशन पहुंचकर पुलिस से सुरक्षा की मांग की थी मोनालिसा का कहना था कि उनके पिता उसे जबरन घर ले जाने की कोशिश कर रहे हैं. मोनालिसा ने पुलिस को बताया कि वह बालिग है और अपनी मर्जी से शादी करना चाहती है. मोनालिसा ने यह भी बताया कि उनके परिजनों द्वारा गांव में किसी अन्य से उसकी शादी तय कर दी थी लेकिन उसे वह नहीं मानती थी. और खुशी के लिए उसने फैसला लिया और अपने प्यार के लिए खड़ी हुई. 
कैसे हुई थी मोनालिसा-फरमान की मुलाकात ?
पुलिस के मुताबिक, मोनालिसा बालिग है और वह अपनी मर्जी से शादी कर सकती हैं. वहीं मोनालिसा ने बताया कि फरमान खान से उसकी मुलाकात केरल में फिल्म 'द डायरी ऑफ मणिपुर' की शूटिंग के दौरान हुई थी. इस दौरान मोनालिसा ने खुद फरमान को प्रपोज किया था, लेकिन फरमान ने मोनालिसा को मना कर दिया था लेकिन बाद में दोनों को एक दूसरे से प्यार हो गया. और इसके बाद दोनों ने शादी करने का फैसला किया.
मोनालिसा सोशल मीडिया पर हैं खूब पॉपुलर
आपको बता दें, महाकुंभ 2025 में किसी ने रुद्राक्ष की माला बेचते हुए मोनालिसा की एक वीडियो क्लिप शेयर कर उसे सोशल मीडिया में खूब वायरल कर दिया था. उस वीडियो में मोनालिसा की मासूमियत भरी मुस्कान और भूरी आंखों ने लोगों का दिल जीत लिया था जिसके बाद वह काफी फेमस हो गई. लेकिन उसके पॉपुलर होने के बाद लोग उससे मिलने के लिए लगातार आने लगे. जिससे परेशान होकर उसने महाकुंभ को छोड़ने का फैसला किया. हालांकि इसके बाद ही डायरेक्टर मिश्रा ने मोनालिसा को फिल्म का ऑफर दिया और वो फिर से सुर्खियों में आ गई थी.








