Jharkhand (Ranchi): झारखंड विधानसभा के बजट सत्र का आज आखिरी दिन है. अंतिम दिन कई अहम मुद्दों पर सरकार से जवाब की मांग की जा रही है. प्रथम पाली में प्रश्नकाल और द्वितीय पाली में गैर-सरकारी संकल्प निपटाए जाएंगे. इसी बीच रामनवमी जुलूस को लेकर सियासत भी तेज हो गई है.
मांडू से विधायक निर्मल महतो ने हजारीबाग में रामभक्तों के रास्ते को रोके जाने पर आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि रास्ता जल्द से जल्द खोला जाना चाहिए. साथ ही डीजे बजाने को लेकर भी सरकार के आदेश का जिक्र करते हुए कहा कि रामभक्त पीछे हटने वाले नहीं हैं.
वहीं, भाजपा विधायक प्रदीप प्रसाद ने भी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि रामनवमी जुलूस को अनुमति नहीं देना गंभीर विषय है. सरकार को श्रद्धालुओं की भावनाओं का ध्यान रखते हुए जुलूस निकालने की अनुमति देनी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि हर साल की तरह इस बार भी रामनवमी पूरे श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई जाएगी.
उधर, पांकी से भाजपा विधायक कुशवाहा शशि भूषण मेहता ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने मंत्री इरफान अंसारी पर निशाना साधते हुए कहा कि किसी की मनमानी नहीं चलेगी और पूरे राज्य में रामनवमी का जुलूस धूमधाम से निकलेगा.
रिपोर्ट: यशवंत कुमार






