JPSC-JSSC Protest : सरकार ने फिर से वार्ता के लिए बुलाया, कल दोपहर 2 बजे होगी चौथे राउंड की बातचीत
JPSC-JSSC परीक्षा रद्द करने और कथित धांधली की जांच की मांग को लेकर रांची में छात्र आंदोलन जारी है। प्रशासन ने छात्रों को चौथे दौर की वार्ता के लिए सोमवार दोपहर 2 बजे बुलाया है।

JPSC-JSSC Protest : झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं को रद्द करने तथा कथित धांधली की केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच कराने की मांग को लेकर रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे छात्र आंदोलन का रविवार को 23वां दिन रहा। अपनी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं होने से नाराज आंदोलनकारी छात्रों का गुस्सा एक बार फिर फूट पड़ा। आक्रोशित छात्रों ने कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए दोनों नेताओं का पुतला दहन किया।
वादे से मुकरने का आरोप, राहुल गांधी और सीएम का पुतला फूंका
छात्र नेता रविंद्र पासवान ने कहा कि जब छात्रों का यह आंदोलन शुरू हुआ था, तब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने फोन पर बातचीत कर आश्वासन दिया था कि यदि 15 अगस्त तक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन छात्रों की मांगों पर कोई सकारात्मक पहल नहीं करते हैं, तो कांग्रेस झारखंड सरकार से अपना समर्थन वापस ले लेगी। छात्रों का आरोप है कि 15 अगस्त की तय समय-सीमा बीत जाने के बाद भी न तो राज्य सरकार की ओर से कोई ठोस पहल की गई और न ही कांग्रेस नेतृत्व ने अपने वादे पर कोई कदम उठाया। इसी अनदेखी और वादाखिलाफी के विरोध में छात्रों ने संयुक्त रूप से दोनों नेताओं का पुतला फूंका।
सोमवार दोपहर 2 बजे प्रशासन और छात्रों के बीच वार्ता तय
छात्रों के बढ़ते आक्रोश और लगातार जारी आंदोलन के बीच आखिरकार प्रशासन की ओर से बातचीत की पहल की गई है। रांची के अनुमंडल दंडाधिकारी (SDM) और अपर जिला दंडाधिकारी (ADM) ने आंदोलनकारी छात्रों को औपचारिक रूप से वार्ता के लिए आमंत्रित किया है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, छात्रों के प्रतिनिधिमंडल को सोमवार दोपहर 2:00 बजे बातचीत के लिए बुलाया गया है, जहां उनकी मांगों और चिंताओं पर प्रशासनिक स्तर पर चर्चा की जाएगी।
आंदोलन स्थल पहुंचीं अभिनेत्री कुनिका सदानंद, CID जांच पर विचार की अपील
इसी बीच मुंबई से मशहूर अभिनेत्री कुनिका सदानंद आंदोलनकारी छात्रों का हौसला बढ़ाने और उनसे संवाद करने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचीं। उन्होंने धरने पर बैठे छात्रों से बातचीत की और अनशन व भूख हड़ताल कर रही छात्राओं से मिलकर उनका हालचाल जाना। मीडिया से मुखातिब होते हुए कुनिका ने कहा कि वह छात्रों की जायज मांगों का समर्थन करने और उन्हें व्यावहारिक दृष्टिकोण समझाने आई हैं। उन्होंने जांच प्रक्रिया के व्यावहारिक पहलुओं का हवाला देते हुए छात्रों से अपील की कि CBI के पास पहले से ही देश भर के कई मामले लंबित हैं, जिससे जांच में काफी लंबा समय लग सकता है। इसलिए छात्र अपने भविष्य को ध्यान में रखते हुए फिलहाल राज्य की CID जांच तक अपनी मांग सीमित रखने पर भी सकारात्मक रूप से विचार करें।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

रांची में प्रदेश प्रोफेशनल कांग्रेस का बड़ा आयोजन, प्रभारी के. राजू और अभिनेत्री कोनिका सदानंद होंगी मुख्य अतिथि, जुटेंगे दिग्गज

बेड के नीचे छिपाकर रखा था देसी कट्टा, पलामू पुलिस ने हैदरनगर से 2 अपराधियों को दबोचा







