JPSC-JSSC पेपर रद्द करने की मांग पर गिरिडीह में JLKM ने फूंका CM हेमंत सोरेन का पुतला
गिरिडीह में JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर JLKM ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला फूंका। नागेंद्र चंद्रवंशी ने पेपर रद्द करने की मांग करते हुए आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।

Giriridh: JPSC-JSSC की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर पेपर रद्द करने की मांग के बीच रांची में चल रहा छात्रों का आंदोलन अब राज्य के दूसरे जिलों तक पहुंचने लगा है। रविवार को गिरिडीह में युवाओं और छात्रों ने JLKM नेता नागेंद्र चंद्रवंशी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर विरोध जताया।
झंडा मैदान से टावर चौक तक निकाला जुलूस
युवाओं और छात्रों का समूह झंडा मैदान से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला लेकर शहर में निकला। प्रदर्शनकारियों ने शहर के विभिन्न इलाकों का भ्रमण करते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ भी नारे लगाए गए। हाथों में पुतला लिए प्रदर्शनकारी टावर चौक पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया।
पुतले पर लाठी बरसाकर जताया आक्रोश
टावर चौक पर पुतला दहन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुतले पर लाठी बरसाकर सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश जताया। युवाओं और छात्रों ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता जरूरी है और उनकी मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने पेपर रद्द करने समेत अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की।
नागेंद्र चंद्रवंशी बोले- अभी तो शुरुआत है
JLKM नेता नागेंद्र चंद्रवंशी ने कहा कि यह आंदोलन अभी शुरुआत है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर युवाओं और छात्रों की मांगों को पूरा नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार अगर छात्रों की मांगों पर जल्द फैसला नहीं लेती है तो युवा और छात्र उग्र आंदोलन के लिए भी तैयार हैं। उन्होंने कहा कि आंदोलन अब मुख्यमंत्री आवास तक ले जाया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर सरकार को जल्द ठोस कदम उठाना चाहिए, नहीं तो आने वाले दिनों में आंदोलन का दायरा और बढ़ सकता है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

रांची में प्रदेश प्रोफेशनल कांग्रेस का बड़ा आयोजन, प्रभारी के. राजू और अभिनेत्री कोनिका सदानंद होंगी मुख्य अतिथि, जुटेंगे दिग्गज

बेड के नीचे छिपाकर रखा था देसी कट्टा, पलामू पुलिस ने हैदरनगर से 2 अपराधियों को दबोचा







