चतरा में बेखौफ अपराधियों का तांडव, बाइक सवार 4 बदमाशों ने GM कार्यालय को बनाया निशाना, 8 खोखे बरामद
चतरा के टंडवा में चार नकाबपोश अपराधियों ने GM कार्यालय पर करीब आठ राउंड फायरिंग की। पुलिस ने 7-8 खोखे बरामद कर अपराधियों की तलाश में छापेमारी शुरू की।

Chatra: चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र अंतर्गत उड़सू गांव में दिनदहाड़े अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए चंद्रगुप्त कोल परियोजना में कार्यरत सुशी इंफ्रा कंपनी के कार्यालय पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। रविवार दोपहर अचानक हुई इस भीषण फायरिंग से पूरे इलाके और कंपनी परिसर में अफरा-तफरी व दहशत का माहौल बन गया।
दो बाइकों पर आए थे 4 नकाबपोश, करीब 8 राउंड की हवाई फायरिंग
घटना की जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 2:25 बजे दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर चार हथियारबंद नकाबपोश अपराधी उड़सू गांव पहुंचे। अपराधियों ने सुशी इंफ्रा कंपनी के दफ्तर को सीधा निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ लगभग आठ राउंड हवाई फायरिंग की। गोलियों की लगातार तड़तड़ाहट से इलाके में भगदड़ मच गई। वारदात को अंजाम देकर दहशत फैलाने के बाद सभी अपराधी अपनी बाइकों पर सवार होकर टंडवा मुख्य मार्ग की ओर तेजी से फरार हो गए।
स्थानीय निवासी के मकान में चल रहा था कंपनी के GM का दफ्तर
बताया जा रहा है कि जिस भवन को अपराधियों ने निशाना बनाया है, वह स्थानीय निवासी जीवन दास का मकान है। इसी मकान के एक हिस्से में पिछले करीब चार वर्षों से सुशी इंफ्रा कंपनी के जनरल मैनेजर (GM) आर.एस. यादव का निजी कार्यालय संचालित हो रहा था, जहां से कोल खनन और उत्खनन से जुड़े कार्यों की मॉनिटरिंग व संचालन किया जाता है।
मौके से 7-8 खोखे बरामद, पुलिस ने शुरू की ताबड़तोड़ छापेमारी
दिनदहाड़े फायरिंग की सूचना मिलते ही टंडवा थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर मुआयना किया। पुलिस ने मौके से करीब 7 से 8 खोखे बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से सभी फॉरेंसिक और जरूरी भौतिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। नकाबपोश अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए आसपास के संभावित रास्तों और संदिग्ध ठिकानों पर पुलिस की विशेष टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

आधी रात को दो बाइकों पर 6 संदिग्ध, धनबाद पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा, कट्टा-गोली और चोरी की गाड़ी बरामद

कस्तूरबा विद्यालय में अचानक पहुंचे गिरिडीह DC, खाने की थाली से लेकर क्लासरूम तक की जांच







