IPL 2026: SRH के 'डेब्यूटेंट्स' का कोहराम, साकिब और प्रफुल्ल की ऐतिहासिक गेंदबाजी में RR ढेर
IPL 2026 के एक रोमांचक मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने टेबल टॉपर राजस्थान रॉयल्स को 57 रनों से करारी शिकस्त दी। मैच के असली हीरो डेब्यू करने वाले प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन रहे। प्रफुल्ल ने अपने पहले ही ओवर में 3 विकेट लेकर इतिहास रच दिया, जबकि ईशान किशन की 91 रनों की पारी ने जीत की नींव रखी।

IPL 2026, SRH vs RR: क्रिकेट के मैदान पर जब भी कोई नया खिलाड़ी उतरता है, तो उसके कंधों पर उम्मीदों का भारी बोझ होता है। लेकिन शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के लिए डेब्यू करने वाले दो युवाओं प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन ने जो कर दिखाया, उसे क्रिकेट के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा। गेंदबाजों के इस बेमिसाल प्रदर्शन के दम पर हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स (RR) जैसी मजबूत टीम को पूरी तरह घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। हैदराबाद के कप्तान किशन की कप्तानी पारी के बदौलत 217 रनों का लक्ष्य रखा गया था, जिसके पास भी पहुंचने में राजस्थान की टीम बुरी तरह नाकामयाब रही।
प्रफुल्ल हिंगे का 'मैजिकल' डेब्यू: पहले ही ओवर में 3 शिकार
मैच की सबसे बड़ी सुर्खियां प्रफुल्ल हिंगे ने बटोरीं। प्रफुल्ल ने अपने IPL करियर के पहले ही ओवर में ऐसी घातक गेंदबाजी की कि राजस्थान के तीन दिग्गज बल्लेबाज बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। महज 1 रन के स्कोर पर राजस्थान के 3 विकेट गिर चुके थे। प्रफुल्ल ने अपने कोटे के 4 ओवरों में 34 रन देकर कुल 4 विकेट झटके। उनकी गेंदों में वो रफ्तार और स्विंग थी, जिसका जवाब राजस्थान के पास नहीं था।
बिहार के साकिब हुसैन का 'सेंसेशनल' स्पैल
दूसरी ओर, बिहार की मिट्टी से निकले साकिब हुसैन ने अपनी सटीक लाइन और लेंथ से बल्लेबाजों को बांधे रखा। साकिब ने 4 ओवर में किफायती गेंदबाजी करते हुए मात्र 24 रन दिए। साकिब और प्रफुल्ल की जोड़ी ने मिलकर आज नया इतिहास लिख दिया है। जब एक छोर पर 4 रन पर 4 विकेट और फिर देखते ही देखते 9 रन पर 5 विकेट गिरे, तो पूरा स्टेडियम सन्न रह गया। यह किसी चमत्कार से कम नहीं था कि दो नए गेंदबाजों ने मिलकर राजस्थान के टॉप ऑर्डर की धज्जियां उड़ा दीं। वैभव सूर्यवंशी, जो बुमराह जैसे बॉलर के भी वश में नहीं आते, जिनकी आतिशी पारी का उनके चाहने वाले बेसब्री से इंतजार करते हैं, शून्य के निजी स्कोर पर प्रफुल्ल का शिकार हो पवेलियन लौट गए।
ईशान किशन का 91 रनों का 'पावर-पैक' प्रहार
गेंदबाजों के कहर से पहले बल्लेबाजी में ईशान किशन ने अपना जलवा बिखेरा। उन्होंने राजस्थान के गेंदबाजों की जमकर खबर लेते हुए 91 रनों की एक विस्फोटक पारी खेली। उनकी इस पारी की बदौलत ही हैदराबाद एक चुनौतीपूर्ण लक्ष्य खड़ा करने में सफल रही। ईशान की टाइमिंग और बड़े शॉट्स ने यह सुनिश्चित किया कि टीम के पास लड़ने के लिए पर्याप्त स्कोर हो।
तेज गेंदबाजों का दबदबा: 'गेंदबाजी अभी जिंदा है'
आज के मैच की सबसे खास बात यह रही कि हैदराबाद के लिए गिरे सभी 10 विकेट टीम के तेज गेंदबाजों ने चटकाए। टी-20 क्रिकेट के इस दौर में, जहां अक्सर बल्लेबाजों को ही हीरो माना जाता है, आज हैदराबाद के इन 'पेस गन' ने साबित कर दिया कि गेंदबाजी अभी भी जिंदा है और मैच जिताने का दम रखती है। राजस्थान जो अब तक अंक तालिका में टॉप पर चल रही थी, उसे 57 रनों की शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा।
अद्भुत, अद्वितीय और ऐतिहासिक जीत
मात्र 9 रन पर 5 विकेट खो देने के बाद राजस्थान की टीम कभी मुकाबले में वापसी नहीं कर पाई। हैदराबाद की इस जीत ने टूर्नामेंट के समीकरणों को बदल कर रख दिया है। बिहार के साकिब हुसैन और युवा प्रफुल्ल हिंगे के रूप में भारत को दो नए सितारे मिल गए हैं, जिन्होंने अपने पहले ही मैच में इतिहास रच दिया।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

IPL 2026: आज शाम लखनऊ का मुकाबला कोलकाता से, क्या KKR दर्ज कर पाएगी पहली जीत !

IPL 2026, DC vs GT: अरुण जेटली स्टेडियम में भिड़ेंगे अक्षर-गिल के धुरंधर, क्या बारिश का पड़ेगा मैच पर असर !







