गिरिडीह की सड़क, बायपास और जलापूर्ति की समस्याओं को लेकर उद्योगपतियों ने सीएम से लगाई गुहार
चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के रीजनल उपाध्यक्ष एवं गिरिडीह के उद्योगपति डॉ. अमरजीत सिंह सलूजा के नेतृत्व में बुधवार को एक शिष्टमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।

गिरिडीह: चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के रीजनल उपाध्यक्ष एवं गिरिडीह के उद्योगपति डॉ. अमरजीत सिंह सलूजा के नेतृत्व में बुधवार को एक शिष्टमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए गिरिडीह की जर्जर यातायात व्यवस्था, बायपास निर्माण और भलपहाड़ी बांध परियोजना को शीघ्र पूरा कराने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि शहर की सड़कें संकरी हो चुकी हैं और अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित है। शहर में सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक नो-एंट्री लागू रहने के कारण रेलवे साइडिंग पर आने वाला औद्योगिक कच्चा माल देर रात ही फैक्ट्रियों तक पहुंच पाता है। इससे रेलवे द्वारा सरचार्ज वसूला जाता है, जिसका सीधा असर उत्पादन लागत और टीएमटी समेत अन्य उत्पादों की कीमतों पर पड़ रहा है। शिष्टमंडल ने मुख्यमंत्री का ध्यान वर्षों से लंबित भलपहाड़ी बांध परियोजना की ओर भी आकर्षित किया। उनका कहना था कि परियोजना पूरी होने से बराकर नदी से उद्योगों को पर्याप्त जलापूर्ति हो सकेगी और भूजल पर निर्भरता कम होगी। प्रतिनिधिमंडल ने गिरिडीह के औद्योगिक और आर्थिक हितों को देखते हुए इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की अपील की।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

हिमांशु मर्डर केस में मुख्यमंत्री का बड़ा एक्शन, पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी और सरायकेला-खरसावां के एसपी हटाए गए

Palamu केल्हार जंगल में महिला का अर्धजला शव बरामद, हत्या की आशंका







