JEE Advanced रिजल्ट पर उठे सवालों का IIT रुड़की ने दिया जवाब
नकल और गड़बड़ी के आरोपों को किया खारिज, जांच में नहीं मिला कोई सबूत

JEE Advanced 2026 के परिणामों को लेकर सोशल मीडिया पर उठ रहे प्रश्नों के बीच IIT रुड़की ने सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। संस्थान ने कहा कि इंटरनेट पर उम्मीदवारों की रैंक, कुल अंक तथा Paper 1 और Paper 2 के अंकों के अंतर से जुड़ी जो सूचनाएं फैलाई जा रही हैं, वे पूर्ण रूप से गलत और भ्रामक हैं। IIT रुड़की के अनुसार, इंटरनेट पर तेजी से फैलाई जा रही किसी भी सूची का डेटा आधिकारिक रिकॉर्ड से मेल नहीं खाता है।
संस्थान ने बताया कि कुछ अभ्यर्थियों और अभिभावकों ने टॉप रैंकर्स के अंकों में बड़े अंतर को लेकर चिंता जताई थी। इसके बाद सभी परीक्षा रिकॉर्ड और संबंधित डेटा की बारीकी से जांच की गई। IIT रुड़की का कहना है कि जांच में नकल, अनुचित सहायता, डेटा में छेड़छाड़ या परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी का कोई सबूत नहीं मिला। संस्थान ने बताया कि टॉप 10,000 रैंक वाले छात्रों में से केवल दो उम्मीदवार ऐसे मिले जिनके Paper 1 और Paper 2 के अंकों में बड़ा अंतर दिखाई दिया, जो हर साल देखी जाने वाली सामान्य स्थिति है।
JEE Advanced 2026 का परिणाम 1 जून को घोषित किया गया था। इस वर्ष 1,79,694 उम्मीदवारों ने दोनों पेपर दिए, जिनमें से 56,880 सफल हुए। IIT दिल्ली जोन के शुभम कुमार ने 360 में से 330 अंक हासिल कर AIR-1 प्राप्त की, जबकि आरोही देशपांडे महिला वर्ग की टॉपर रहीं। हाल ही में परीक्षा से जुड़े डेटा लीक के दावों को भी IIT रुड़की और शिक्षा मंत्रालय ने भ्रामक बताया था। संस्थान ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित, पारदर्शी और निष्पक्ष रही।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









