नगर विकास मंत्री सुदिव्य सोनू के गृह जिले में चरमराई स्वास्थ्य व्यवस्था, गिरिडीह सदर अस्पताल में दो सेवाएं ठप
गिरिडीह के सदर अस्पताल में दो स्वास्थ्य सेवाएं ठप हो चुकी हैं. जिनमें से एक अल्ट्रासाउंड केंद्र, वहीं दूसरा जांच केंद्र है. इस खराब व्यवस्था के कारण बंद पड़े विभागों का ठिकरा एक-दूसरे पर फोड़ते नजर आ रहे हैं.

Jharkhand (Giridih): नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के गृह जिले गिरिडीह में स्वास्थ विभाग की दो सेवाएं ठप हो चुकी हैं. दोनों सेवाओं के रूम में ताला लगा दिया गया है. इसमें एक अल्ट्रासाउंड केंद्र है तो दूसरा एसआरएल जांच केंद्र.
ऐसे में लाजमी है कि लोगों की परेशानी बढ़ी है. एसआरएल जांच केंद्र जहां पीपीपी मोड में सदर अस्पताल परिसर में संचालित था, वहीं अल्ट्रासाउंड केंद्र सीधा सिविल सर्जन की निगरानी में संचालित था. जानकारी लेने पर कैमरे के सामने आने से इंकार करते हुए अस्पताल उपाधीक्षक प्रदीप बैठा ने कहा कि अभी वे गिरिडीह से बाहर हैं.
दोनों मामले में सिविल सर्जन ही जानकारी दे सकते हैं. उपाधीक्षक ने बताया कि उन्हें जो जानकारी प्राप्त हुई है, उसके अनुसार एसआरएल जांच केंद्र के एमओयू की समय सीमा समाप्त हो चुकी थी. एमओयू राज्य सरकार के स्तर से होता है.
हालांकि एसआरएल के बंद होने से बहुत अधिक प्रभाव नहीं पड़ने वाला, क्योंकि सदर अस्पताल में स्वास्थ विभाग का अपना जांच घर चल रहा है. प्रबंधन का कहना है कि इससे मरीजों को खासा फर्क नहीं पड़ने वाला. लेकिन एसआरएल को लेकर अब राज्य सरकार को ही सब व्यस्था करनी है.
वहीं अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की कमी है, जिसके कारण अल्ट्रासाउंड केंद्र बंद हो चुका है. एक भी रेडियोलॉजिस्ट स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध नहीं कराया गया है. सदर अस्पताल में एक रेडियोलॉजिस्ट और एक ENT सर्जन की बेहद जरूरत बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार रेडियोलॉजिस्ट उपलब्ध कराने के लिए डीसी को पत्र लिखा जा चुका है.
इधर इस मामले में जब सिविल सर्जन डॉक्टर बबन सिंह से जानकारी मांगी गई, तो उन्होंने कहा कि रविवार को छुट्टी के कारण वे दफ्तर में नहीं हैं. फिलहाल गिरिडीह में उनका नया प्रभार है.
लोगों से बातचीत में पता चला कि मरीजों का एसआरएल की रिपोर्ट में भरोसा अधिक था, जिस कारण यहां मरीजों की अधिक भीड़ हुआ करती थी. बहरहाल, गिरिडीह सदर अस्पताल में दो स्वास्थ सुविधाओं का ठप पड़ जाना कुप्रबंधन का संकेत देता नजर आता है.
रिपोर्ट: मनोज कुमार पिंटू
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

गिरिडीह भाजपा ने मनाया पार्टी का स्थापना दिवस समारोह, मोदी-योगी सहित हिमंता के समर्थन में लगे नारे

गिरिडीह में माले नेताओं का पुलिस के विरुद्ध प्रदर्शन, सरिया हत्याकांड मामले में फरार मुखिया की जल्द गिरफ्तारी की मांग






