ग्वालियर के यशवर्धन को मिली भारतीय U-19 टीम की कमान, 13 साल की उम्र में जड़े थे 425 रन
ग्वालियर के युवा क्रिकेटर यशवर्धन सिंह चौहान को भारतीय मेन्स टीम का कप्तान बनने का मौका मिला है. यशवर्धन 6 साल की उम्र से क्रिकेट खेल रहे हैं. श्रीलंका के खिलाफ होने वाली सीरीज में वे टीम का नेतृत्व करेंगे.

Gwalior, MP: ग्वालियर के युवा क्रिकेटर यशवर्धन सिंह चौहान को एक साथ दो बड़ी सफलताएं मिली हैं. यशवर्धन का चयन अंडर-19 भारतीय क्रिकेट टीम में हुआ है और उन्हें टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है. श्रीलंका दौरे के लिए चुनी गई 15 सदस्यीय टीम का नेतृत्व अब ग्वालियर का यह होनहार खिलाड़ी करेगा.
ग्वालियर के हुरावली क्षेत्र में रहने वाले यशवर्धन सिंह चौहान के चयन की खबर मिलते ही उनके घर में खुशी का माहौल बन गया. मां रीना चौहान ने बेटे को मिठाई खिलाकर बधाई दी जबकि शुभकामनाएं देने वालों का तांता लग गया. यशवर्धन सिंधिया स्कूल के छात्र हैं. उनके पिता अनामी चौहान व्यवसायी हैं और मां गृहिणी हैं. परिवार का कहना है कि यश की इस उपलब्धि के पीछे माता-पिता और कोच का विशेष योगदान रहा है. यश अपने पिता को अपनी सबसे बड़ी प्रेरणा मानते हैं.
दिलचस्प बात यह है कि यशवर्धन का कोई एक पसंदीदा क्रिकेटर नहीं है. उनका कहना है कि वे सभी खिलाड़ियों से कुछ न कुछ सीखने की कोशिश करते हैं. यश के चयन और कप्तान बनाए जाने की सूचना सबसे पहले स्कूल के कोच ने दी. इसके बाद स्कूल के प्रिंसिपल ने भी फोन कर उन्हें शुभकामनाएं दीं. वहीं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के पुत्र आर्यमन सिंधिया ने भी कॉल कर यशवर्धन को बधाई दी.
यशवर्धन पिछले 6 से 7 वर्षों से क्रिकेट खेल रहे हैं और अब उनकी मेहनत का फल उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर मिला है. चयनित भारतीय अंडर-19 टीम का विशेष प्रशिक्षण शिविर 23 जून से शुरू होगा. टीम 30 जून को श्रीलंका रवाना होगी जहां तीन वनडे और दो मल्टी-डे मैचों की सीरीज खेलेगी. दौरे का पहला वनडे मुकाबला 4 जुलाई को खेला जाएगा.
(अशोक सोनी की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









