पूर्व IPS अमिताभ चौधरी के परिवार से 2 करोड़ की ठगी!, जमीन के नाम पर ऐंठे पैसे, हिंदपीढ़ी में 5 लोगों पर FIR
झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व IPS अधिकारी स्व. अमिताभ चौधरी के परिवार से दो करोड़ रुपये की बड़ी जमीन धोखाधड़ी का मामला सामने आया है।

Ranchi: झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व IPS अधिकारी स्व. अमिताभ चौधरी के परिवार से दो करोड़ रुपये की बड़ी जमीन धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस संबंध में उनके बेटे अभिषेक चौधरी ने रांची के हिंदपीढ़ी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। यह पूरा विवाद खलारी और चान्हो अंचल के केदल व रामदगा गांव स्थित 736 डिसमिल जमीन से जुड़ा है। साल 2021 में 20 हजार रुपये प्रति डिसमिल के हिसाब से सौदा तय हुआ था। अमिताभ चौधरी ने इस जमीन को खरीदने के लिए बिहार के दरभंगा व मधुबनी स्थित अपनी 150 कट्ठा पुश्तैनी जमीन बेची थी और कई किस्तों में लगभग दो करोड़ रुपये का भुगतान किया था। आरोप है कि हिंदपीढ़ी निवासी एक ही परिवार के 5 लोगों— शहनवाज शेख, अफताब शेख, सफदर शेख, तबस्सुम इसरार और शबनम शेख ने मिलकर इस धोखाधड़ी को अंजाम दिया।
मौत के बाद अचानक बढ़ाई कीमत, बैंक में गिरवी रख दी जमीन
दर्ज शिकायत के मुताबिक मुख्य आरोपी शहनवाज शेख ने सितंबर 2021 में ईमेल के जरिए एकरारनामा भेजा था और जुलाई 2022 में 21 लाख रुपये की आखिरी किस्त भी ले ली थी। लेकिन जमीन की रजिस्ट्री होने से पहले ही 16 अगस्त 2022 को अमिताभ चौधरी का अचानक निधन हो गया। उनके गुजरते ही आरोपियों की नीयत बदल गई। उन्होंने न तो जमीन की रजिस्ट्री की और न ही पैसे वापस लौटाए। उल्टे जमीन की कीमत बढ़ाकर 50 हजार रुपये प्रति डिसमिल बताते हुए एक करोड़ रुपये अतिरिक्त मांगने लगे। हद तो तब हो गई जब अगस्त 2023 में आरोपी शहनवाज ने अभिषेक चौधरी को बताया कि उसने वह 736 डिसमिल जमीन एक बैंक के पास गिरवी रख दी है।
मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस, खंगाले जा रहे हैं कागजात
पूर्व IPS अधिकारी के बेटे के साथ हुई इस बड़ी ठगी की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। हिंदपीढ़ी थाना पुलिस ने मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी है। पुलिस की टीम बैंक लेनदेन के दस्तावेज, जमीन के कागजात, ईमेल पर भेजे गए एकरारनामे और सभी संबंधित सबूतों की बारीकी से पड़ताल कर रही है। आरोपियों के खिलाफ सबूत जुटाकर पुलिस जल्द ही आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






