धनबाद में एनकाउंटर, प्रिंस खान के भाई गोपी खान के 2 गुर्गों को लगी गोली, अस्पताल में भर्ती
कोयला राजधानी धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात पुलिस और कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई गोपी खान गिरोह के गुर्गों के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई।


Dhanbad: कोयला राजधानी धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात पुलिस और कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई गोपी खान गिरोह के गुर्गों के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में गिरोह के दो सक्रिय अपराधी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों अपराधियों के दाहिने पैर में गोली लगी है। घायल अपराधियों की पहचान वासेपुर नूरी मस्जिद रोड निवासी 35 वर्षीय इरफान आलम उर्फ टुन्ना और पुटकी निवासी 36 वर्षीय नाजिर अंसारी उर्फ नन्हे के रूप में की गई है। दोनों को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) में भर्ती कराया गया है।
गुप्त सूचना पर घेराबंदी, पुलिस गश्ती गाड़ी पर अपराधियों ने झोंका फायर
पुलिस के अनुसार, रात करीब 11:15 बजे सटीक खुफिया सूचना मिली थी कि गोपी खान के गुर्गे किसी बड़े कारोबारी से लेवी (रंगदारी) वसूलने के लिए बरवाअड्डा इलाके में आने वाले हैं। सूचना मिलते ही बरवाअड्डा थाना की गश्ती टीम को तत्काल अलर्ट मोड पर लाया गया और नाकेबंदी की गई। इसी दौरान बाइपास रोड से कुर्मीडीह होते हुए निरंकारी चौक की ओर एक ही बाइक पर सवार होकर तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए। जब पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, तो बाइक सवार अपराधियों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अपराधियों द्वारा चलाई गई एक गोली सीधे पुलिस गश्ती वाहन के आगे के शीशे (विंडशील्ड) पर जा लगी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो को लगी गोली, तीसरा फरार
पुलिस टीम ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए तत्काल मोर्चा संभाला और नियंत्रित जवाबी फायरिंग की। पुलिस की गोली लगते ही इरफान और नन्हे बाइक सहित सड़क पर गिर पड़े, जबकि उनका तीसरा साथी अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने घटनास्थल से 2 अवैध पिस्टल और खोखे बरामद किए हैं।
SSP समेत आला अधिकारी पहुंचे, रांची से बुलाई गई FSL टीम
वारदात की सूचना मिलते ही धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव और ग्रामीण एसपी मोहम्मद एस याकूब भारी पुलिस बल के साथ सीधे घटनास्थल पर पहुंचे। सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस ने कुर्मीडीह-निरंकारी चौक मार्ग पर बैरिकेडिंग कर आवागमन रोक दिया और साक्ष्य संकलन के लिए रांची से फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री (FSL) की टीम को तलब किया।
गोपी खान से बातचीत के मिले डिजिटल साक्ष्य, फरार साथी की तलाश जारी
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, घायल इरफान आलम उर्फ टुन्ना के खिलाफ पहले से कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह हाल ही में जेल से जमानत पर बाहर आया था, जबकि नन्हे उसके साथ सिंडिकेट में सक्रिय भूमिका निभा रहा था। तलाशी के दौरान दोनों के मोबाइल फोन से विदेश में बैठे सरगना गोपी खान से सीधी बातचीत और चैट्स के पुख्ता साक्ष्य मिले हैं। पुलिस इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि वे किस व्यापारी या प्रतिष्ठान से रंगदारी वसूलने निकले थे। वहीं, रात के अंधेरे में भागे तीसरे शातिर अपराधी की गिरफ्तारी के लिए जिले भर में सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

CGL परीक्षा में गड़बड़ी की जांच तेज, CID के इनपुट पर BSO तेजनारायण पंडित पर पुलिस का शिकंजा

गिरिडीह में प्रमंडलीय आयुक्त मनोज कुमार का औचक निरीक्षण







